गर्मी से थोड़ी राहत मिली:अगले 3 दिनों तक मौसम रहेगा साफ, बढ़ेगा पारा : रांची
- जोन्हा जलप्रपात सूखा, पर्यटकों का आना हुआ कम
- रांची का अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री और न्यूनतम 21 से 22 डिग्री रहने की संभावना जताई गई
रांची व आसपास के जिलाें में दोपहर में बादल रहने के कारण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि लोकल सिस्टम के कारण बादल का पूर्वानुमान पहले ही जारी किया गया था। बारिश होने की संभावना नहीं थी। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि 4 से 6 अप्रैल तक आसमान साफ रहेगा। रांची का अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री और न्यूनतम 21 से 22 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है।
शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 36.6 व न्यूनतम 18.6 डिग्री रहा। दूसरी ओर, प्रसिद्ध जोन्हा जलप्रपात शनिवार को सूख गया। पिछले एक दशक से प्रतिवर्ष जोन्हा जलप्रपात अप्रैल के प्रथम सप्ताह में सूख जाता रहा है। क्योंकि, राढ़ू नदी के केचमेंट एरिया में कई जगहों पर अतिक्रमण कर घर का निर्माण कर दिया गया है। कई जगहों पर नदी की धारा मोड़कर खेतों की ओर सिंचाई के लिए ले जाई गई है। जलप्रपात के सूखने से यहां पर्यटकों का आना काफी कम हो गया है।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें