नि:शुल्क चिकित्सा की सौगात:डॉकटॉक ऐप से ऑनलाइन कॉल पर फ्री मिलेगी डॉक्टर की सलाह, अस्पतालों में भीड़ रोकने की प्रशासनिक पहल : रांची
कोरोना संक्रमण की रफ्तार हर दिन तेज हो रही है। इमरजेंसी मामलों में भी डॉक्टर बिना रिपोर्ट के मरीज को देखने से कतरा रहे हैं। हालांकि, जल्द ही इस परेशानी से काफी हद तक राहत मिलेगी। दरअसल, जिला प्रशासन ने आम लोगों की परेशानी को देखते हुए डॉकटॉक नामक ऐप तैयार कर लिया है। डीसी छवि रंजन के निर्देश पर इसमें सरकारी और प्राइवेट डॉक्टरों को जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
ऐप के जरिए लोग घर बैठे ही नि:शुल्क डॉक्टर से सलाह ले सकेंगे। जिला प्रशासन के अनुसार एक सप्ताह में यह सुविधा लोगों को मिलनी शुरू हो जाएगी। सदर एसडीओ समीरा एस ने बताया कि वैसे डॉक्टर को इससे जोड़ने को कहा गया है जो वॉलेंटियर के रूप में लोगों को सेवा दें। गूगल प्ले स्टोर पर जाकर DokTalk ranchi ऐप को डाउनलोड करना होगा। ऐप के डाउनलोड होने के बाद उसमें मोबाइल नंबर दर्ज कराएं। ओटीपी डालने के बाद दूसरे स्टेप में नाम व मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
20 डॉक्टरों के पैनल से शुरुआत करने का प्रयास
पहले फेज में 20 डॉक्टरों के पैनल से शुरुआत करने का प्रयास किया जा रहा है। जनरल फिजिशियन से लेकर गायनी व मानसिक चिकित्सक को भी इसमें रखा जाएगा। ऑफिस टाइम में डॉक्टरों का समय आधा-आधा घंटा निर्धारित करने की योजना है। मतलब सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लोग ऐप के माध्यम से कॉल कर सलाह प्राप्त कर सकेंगे। होम आइसोलेशन व क्वाॅरेंटाइन में रहने वालों को भी यह लाभ मिलेगा।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें