स्टडी में दावा:साहस, रोमांच और प्रतिस्पर्धी भावना वाले पुरुष बेहतर पिता होते हैं, बच्चों से उनका जुड़ाव भी ज्यादा : न्यूयॉर्क
पुरुषों में अगर साहस और प्रतिस्पर्धा करने जैसे गुण हैं, तो वे बेहतर पिता साबित होते हैं। इसके अलावा उनका व्यक्तित्व रौबीला होने के साथ वे दमदार छवि रखते हैं तो इसकी संभावना और बढ़ जाती है। ओहियो स्टेट यूनिवर्सिटी की ताजा स्टडी में यह दावा किया गया है। शोधकर्ताओं का दावा है कि ये गुण पैरेंटिंग बिहेवियर को सकारात्मक बनाने में बड़ा योगदान दे सकते हैं।
हालांकि इन विशेषताओं को पुराने जमाने की पुरुष रुढ़ियों के तौर पर देखा जाता है। स्टडी का नेतृत्व करने वाली प्रो. सारा शोपे सुलिवन कहती हैं कि इन विशेषताओं के साथ पुरुष यदि महिलाओं को लेकर सकारात्मक रहते हैं, उन्हें झुकाने की कोशिश नहीं करते, तो परिवार के लिए यह अच्छा रहता है। स्टडी में उच्च शिक्षित और कमाई करने वाले दंपतियों को शामिल किया गया था। ताकि पता चल सके कि इन विशेषताओं के साथ पुरुषों के पैरेंटिंग कौशल में कितना सुधार हुआ।
नतीजे बताते हैं कि पुरुषों ने पारंपरिक गुणों के साथ नए कौशल जोड़कर नई पहचान बनाई है। स्टडी के लिए महिलाओं की गर्भावस्था की तीसरी तिमाही में पुरुषों से सात मर्दाना लक्षणों के आधार पर खुद का मूल्यांकन करने को कहा गया था। ये लक्षण हैं- साहस, प्रतिस्पर्धी भावना, रोमांच, हावी होना, आक्रामकता, जोखिम लेने और दबाव झेलने की क्षमता।
चाइल्ड केयर में उनकी भूमिका जांचने के लिए यह भी पूछा गया था कि बच्चों को नहलाने, खिलाने और कपड़े पहनाने जैसे काम करने के लिए वे कितने तैयार हैं। बच्चों के पैदा होने के नौ माह बाद शोधकर्ताओं ने देखा कि पुरुष नवजात और उनकी मां से किस तरह बात करते हैं। नतीजों से पता चलता है कि रुढ़ियों से सहमति रखने वाले पुरुष बेहतर पिता और पार्टनर साबित हुए। जबकि महिलाओं पर हावी होने वालों का पैरेंटिंग कौशल बुरा रहा।
रियल लाइफ मैन: अच्छे पिता के साथ बेहतर पार्टनर भी साबित हुए
स्टडी के मुताबिक जिन पिताओं में साहस, एडवेंचर और जोखिम लेने जैसी मर्दाना विशेषताएं हैं, उनका बच्चों के साथ जुड़ाव ज्यादा दिखा। ये ‘रीयल लाइफ मैन’ पिता तो बेहतर रहे, अच्छे पार्टनर भी साबित हुए। इन पुरुषों का कहना था कि पिता होना भी एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, एक सफल पिता बनने में इन विशेषताओं का बड़ा योगदान है।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें