महाराष्ट्र में कोरोना LIVE:सिर्फ 10 देशों में महाराष्ट्र से ज्यादा कोरोना मरीज, पुणे में सब कुछ होगा बंद, BMC में बाहर के लोगों की NO एंट्री: मुंबई - AKB NEWS

महाराष्ट्र में कोरोना LIVE:सिर्फ 10 देशों में महाराष्ट्र से ज्यादा कोरोना मरीज, पुणे में सब कुछ होगा बंद, BMC में बाहर के लोगों की NO एंट्री: मुंबई


 पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के 55,469 नए मामले सामने आए। यह अब तक दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके बाद महाराष्ट्र में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 31 लाख के पार हो गए। वहीं कोरोना महामारी से 297 और मरीजों की मौत हो गई। इससे मरने वालों की संख्या 56,330 पर पहुंच गई। राज्य में अभी कोविड-19 के 4,72,283 मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक 25,83,331 मरीज ठीक हो चुके हैं। कुल संक्रमितों के मामले में महाराष्ट्र दुनिया में 10 वें नंबर पर है, जबकि नए केस के मामले में सिर्फ ब्राजील और अमेरिका ही इससे आगे हैं।

पुणे और पिंपरी में अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़ सब होगा बंद

पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ में 10 से 30 अप्रैल तक अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़ कर सभी कुछ बंद करने का ऐलान किया गया है। इसमें सभी दुकानें, शॉपिंग मॉल, जिम, सलून, स्पा, ब्यूटी पार्लर, पार्क, मैदान शामिल हैं। दोनों शहरों में धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके अनुसार सोमवार से शुक्रवार सुबह 7 से शाम छह बजे तक पांच से ज्यादा लोगों को एकसाथ आना मना है। शाम छह के बाद हार्ड लॉकडाउन का आदेश पहले की तरह है।

इन्हें खोलने की दी गई है अनुमति
अत्यावश्यक सेवा और उससे संबंधित दुकानें, अस्पताल, निदान केंद्र, दवाखाना, चिकित्सा बीमा कार्यालय, मेडिकल दुकानें, फार्मास्युटिकल कंपनी, चिकित्सा, स्वास्थ्य सेवा, सब्जी मंडी, किराना दुकान, सब्जी- फल बिक्री, डेरी, बेकरी, स्वीट मार्ट, प्रवासी बस, कैब, रिक्शा, रेलवे स्टेशन, एसटी, ट्रांसपोर्ट, ई- कॉमर्स, आईटी सेवा, अखबार कार्यालय, पेट्रोल पंप को खुला रखा गया है।

सभी प्राइवेट ऑफिसों को अपने सभी कर्मचारियों को कोविड वैक्सीन देने या हर 15 दिन में RT-PCR टेस्ट कराने की शर्त पर सप्ताह भर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक खुला रखने की अनुमति दी गई है।

मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के बाहर पसरा सन्नाटा। संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए यहां सैलानियों को प्रतिबंधित कर दिया गया है।
मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के बाहर पसरा सन्नाटा। संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए यहां सैलानियों को प्रतिबंधित कर दिया गया है।

BMC में बाहरी लोगों की एंट्री पर लगी रोक
कोविड-19 के मामले फिर से तेजी से इजाफा के मद्देनजर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी)ने अपने मुख्यालय एवं शहर में अपने अन्य कार्यालयों में लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। एक सर्कुलर जारी करते हुए BMC ने कहा है कि अत्यावश्यक काम से आने वाले लोगों या पूर्व निर्धारित बैठकों में शामिल होने वाले लोगों को छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति को बीएमसी कार्यालयों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

24 घंटे में BMC को देनी होगी टेस्ट रिपोर्ट
मुबई कोरोना टेस्टिंग को लेकर बीएमसी ने नई गाइडलाइंस जरी की है। अब लेब को RT-PCR टेस्ट रिपोर्ट और प्राइवेट अस्पतालों को रेपिड एंटीजन टेस्ट रिपोर्ट की जनकारी 24 घंटे के भीतर बीएमसी को देनी होगी। ऐसा नहीं करने पर उनका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।

सर्दी-जुखाम के लक्षण वाले मरीजों का होगा रैपिड एंटीजेन
बृहन्मुंबई महानगर पालिका(BMC) ने कहा कि मुंबई के प्राइवेट अस्पताल, सर्दी जुकाम जैसे लक्षणों वाले गंभीर मरीजों की रेपिड एंटीजेन जांच (RAT) कर सकते हैं लेकिन बिना लक्षणों वाले मरीजों की यह जांच नहीं की जाएगी। RAT जांच से कोरोना वायरस संक्रमण का जल्दी पता चला जाता है।

मुंबई में वैक्सीनेशन को लेकर जागरूक करने वाली एक वॉल पेंटिंग के बगल से गुजरता शख्स।
मुंबई में वैक्सीनेशन को लेकर जागरूक करने वाली एक वॉल पेंटिंग के बगल से गुजरता शख्स।

अक्टूबर के बाद मुंबई में हुई सबसे ज्यादा मौत
मुंबई में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 10,030 नए मामले सामने आए और महामारी से 31 और मरीजों की मौत हो गई। मुंबई में अक्टूबर के बाद से किसी एक दिन में मरने वालों की यह सर्वाधिक संख्या है। बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,72,332 हो गई जबकि मरने वालों की संख्या 11,828 पर पहुंच गई। शहर में अब तक 3,82,004 मरीज ठीक हो चुके हैं और अभी 77,495 मरीजों का इलाज चल रहा है।

कोल्हापुर में RT-PCR जांच कराना अनिवार्य
कोल्हापुर जिला प्रशासन ने बाहर से आने वाले सभी लोगों के लिए आरटी-पीसीआर जांच अनिवार्य कर दी है। कोल्हापुर कलेक्टर दौलत देसाई ने कहा कि जिले में कोविड-19 का प्रसार अभी कम है लेकिन पुणे, सांगली और सतारा जैसे पड़ोसी जिलों में संक्रमण के अधिक मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग कोल्हापुर जिले में आना चाहते हैं उन्हें आगमन से 48 घंटे पहले आरटी पीसीआर जांच करानी होगी और ‘निगेटिव’ रिपोर्ट साथ लानी होगी।

शिवभोजन अब सिर्फ पार्सल में मिलेगा
कोरों के बढ़ते मामलों को देखते हुए 5 रुपए में मिलने वाली 'शिव भोजन' थाली अब सिर्फ पार्सल के रूप में मिलेगी। महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने बताया, "कोविड-19 के नए प्रतिबंधों के मद्देनजर, सभी होटल और रेस्तरां केवल ‘पार्सल’ के रूप में ही भोजन मुहैया कराएंगे ताकि सामाजिक दूरी बनाई रखी जा सके।"उन्होंने कहा, "इसलिए, शिव भोजन केन्द्रों पर भी खाना ‘पार्सल’ के रूप में दिया जाएगा। एक थाली की कीमत अब भी पांच रुपये ही रहेगी।"

सरकार के नए आदेश के बाद मुंबई में सभी मल्टीप्लेक्स को बंद कर दिया गया है। मुंबई के एक मल्टीप्लेक्स के बाहर बैठे कुछ गार्ड।
सरकार के नए आदेश के बाद मुंबई में सभी मल्टीप्लेक्स को बंद कर दिया गया है। मुंबई के एक मल्टीप्लेक्स के बाहर बैठे कुछ गार्ड।

अगले पूरे सप्ताह बंद रहेगा बॉम्बे हाई कोर्ट
महाराष्ट्र और खासतौर पर मुंबई में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट ने अगले सप्ताह निर्धारित छुट्टियों के अलावा दो और दिन बंद रहने फैसला किया। इसका मतलब यह है कि उच्च न्यायालय 12 अप्रैल से शुरू होने वाले पूरे सप्ताह के लिए बंद रहेगा। चूंकि 12 अप्रैल, 13 और 14 अप्रैल को पहले से ही गुड़ी पड़वा और बी आर अंबेडकर जयंती के लिए छुट्टियां घोषित की गई थीं, इसलिए उच्च न्यायालय ने मंगलवार को मुंबई में कोविड-19 मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए छुट्टियों को 15 अप्रैल और 16 तक बढ़ाने का फैसला किया।

मुंबई में 5 से ज्यादा मरीज मिलने पर बिल्डिंग होगी सील
बीएमसी ने पांच से अधिक संक्रमित मरीजों वाले किसी भी हाउसिंग सोसाइटी को सील करने का फैसला किया है। बीएमसी ने नियमों का उल्लंघन करने वाली सहकारी हाउसिंग सोसाइटी पर 10 हजार का जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है। सील की गई बिल्डिंगो के प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मी तैनात किये जाएंगे।

Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads