5वें दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी:338 लोगों की जान खतरे में डालने पर कैप्टन पर गैर-इरादतन हत्या का केस, आरोप- चेतावनी के बाद भी समुद्र में जहाज ले गए: मुंबई
ताऊ ते तूफान के कारण समुद्र में डूबे बार्ज को चार दिन बीत चुके हैं। शुक्रवार को पांचवे दिन भी देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। 60 कर्मचारियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। 13 की तलाश जारी है। समुद्र में डूबे बार्ज पी-305 के कैप्टन राकेश बल्लव समेत कई लोगों के खिलाफ मुंबई के येलो गेट पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।
सभी पर कर्मचारियों की जिंदगी खतरे में डालने का आरोप है। बार्ज के इंजीनियर मुस्तफिजुर रहमान शेख की शिकायत पर गैर-इरादतन हत्या, जान जोखिम में डालने के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। रहमान का आरोप है कि मौसम विभाग की चेतावनी के बाद भी राकेश बल्लव ने बार्ज कर्मचारियों की जान खतरे में डाली।
नौसेना और कोस्टल गार्ड अब भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे
5वें दिन भी नौसेना और कोस्टल गार्ड का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। वेस्टर्न नेवल कमांड के प्रवक्ता कमांडर मेहुल कार्निक ने बताया कि 5 आईएनएस शिप अभी भी समुद्र में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। 31 शव पुलिस को सौंप दिए गए हैं। अन्य शवों को पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।
समुद्र में 1200 किमी के दायरे में तलाश अभियान
नेवी ने तलाश का दायरा बढ़ा दिया है। अब समुद्र में करीब 1200 किमी के दायरे में ऑपरेशन चलाया जा रहा है। कई लोगों के बहकर दूर जाने की भी आशंका है। उन्हें तलाशने में उनके शरीर पर लगी लाइट मददगार रही है। यह पानी के संपर्क में आते ही जल उठती है। इसकी रोशनी करीब 5 किमी तक दिखती है।
जैकेट में लगी बैटरी से दूर बह चुके लोगों तक पहुंचे
हादसे के दिन ताऊते के चलते कुछ मीटर की दूरी पर भी रेस्क्यू टीम को कुछ भी नजर नहीं आ रहा था। तेज हवा और बारिश के कारण दूरे बहे लोगों को बचाना बेहद चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में लाइफ जैकेट में लगी बैटरी की रोशनी से तेजी से नाविकों तक पहुंच पाए। 17 मई की रात 60 और सुबह कुल 188 लोगों को बचाया।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें