बीमार लोगों की सेवा में लगे बोकारो के युवा - AKB NEWS

बीमार लोगों की सेवा में लगे बोकारो के युवा


 कोरोना काल में बोकारो के कुछ युवा बीमार लोगों की सेवा में लगे हैं। वे इन्हें भोजन के अलावा ऑक्सीजन सिलिडर, एंबुलेंस व अन्य सुविधा मुहैया कराने की दिशा में काम कर रहे हैं। बोकारो स्टील सिटी कालेज के छात्र रौनक सिन्हा कोरोना काल में बीमार गरीब लोगों को निश्शुल्क भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। वहीं सस्ते दर पर बीमार बुजुर्गों को भी भोजन मुहैया करा रहे हैं। बीमार लोगों को समय पर भोजन उपलब्ध हो सके, इसको लेकर सजग रहते हैं।

वहीं कसमार के दो दोस्त प्रियांशु व विशाल अपने दोस्तों की मदद से बीमार लोगों की निश्शुल्क कोरोना जांच, भोजन, ऑक्सीजन सिलिडर के अलावा अस्पताल में बेड की व्यवस्था कर रहे हैं। --स्वजनों के सहयोग से कर रहे गरीबों की सेवा.

चीरा चास निवासी रौनक सिन्हा के पिता अविनाश कुमार सिन्हा शिक्षक हैं। वे अपनी माता विनीता सिन्हा के साथ मिल कर फूडिग सर्विस से संबंधित व्यवसाय करते हैं। रौनक ने कहा कि कोरोना काल में कुछ लोग बीमारी की चपेट में आ गए हैं। कई गरीब लोग बीमार हैं। कुछ लोगों के स्वजनों ने इनसे दूरी बना ली है। इसका पता चलते ही सबसे पहले इन्हें भोजन पहुंचाने का विचार किया।

 माता ने भी इस काम में सहयोग किया। वे घर में ही लोगों के लिए भोजन बनाने लगीं। चीरा चास में रहने वाले लगभग छह गरीब बीमार लोगों को निश्शुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं चास, बोकारो व चीरा चास में रहने वाले लगभग 30 बीमार बुजुर्ग को सस्ते दर पर संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इनके लिए नो प्रॉफिट-नो लॉस के तहत काम किया जा रहा है। इन्हें समय पर भोजन मिले, इसका ध्यान रखा जाता है।

 कोई भी बीमार गरीब व्यक्ति भूखा न रहे, ऐसा प्रयास किया जा रहा है। वे स्वयं अपने वाहन से इन्हें भोजन पहुंचा रहे हैं।

--मरीजों की सेवा के लिए कदम आगे बढ़ाया

कसमार निवासी प्रियांशु व विशाल एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। इन दिनों घर से ही काम कर रहे हैं। इन्होंने जब अखबार व टेलीविजन पर कोरोना से पीड़ित लोगों के बारे में जाना तो इनकी सहायता का इरादा किया। इसके बाद चास-बोकारो में रहने वाले दोस्तों के साथ मिलकर वाट्सएप ग्रुप तैयार किया। इन्होंने कुछ स्वयंसेवी संस्थाओं से भी संपर्क साध कर इन्हें अपनी योजना से अवगत कराया।

 इसके बाद संस्था व दोस्तों के साथ मिल कर कोरोना से पीड़ित मरीजों की सेवा में लग गए। इन्होंने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। इस पर सूचना मिलते ही वे संबंधित मरीज की निश्शुल्क कोरोना जांच कराते हैं। इन्हें निश्शुल्क भोजन उपलब्ध कराते हैं। इनके लिए ऑक्सीजन सिलिडर की व्यवस्था करते हैं। 

साथ ही बीमार व्यक्ति के लिए अस्पताल में बेड भी उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल तक यह काम जारी रहेगा।

Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads