वैक्सीनेशन बंद:10 जून को राज्य को मिलेंगे वैक्सीन के 1.80 लाख डोज : जमशेदपुर
झारखंड को 10 जून को कोविशील्ड वैक्सीन के 1.80 लाख डोज (18000 वॉयल) मिलेंगे। इसे राज्य के 24 जिलों को उपलब्ध कराया जाएगा। गृह व कारा विभाग (झारखंड सरकार) के अपर सचिव सह स्टेट नोडल अधिकारी ए. दोड्डे ने सोमवार को दैनिक भास्कर को बताया- 18000 वॉयल मिलने के बाद राज्य में वैक्सीनेशन कार्य में एक बार फिर तेजी आएगी। अगर कोई व्यक्ति वैक्सीन नहीं लेगा और कोरोना की तीसरी लहर की चपेट में आया तो बड़ी परेशानी होगी।
3 दिन जिले में सिर्फ फ्रंटलाइन वॉरियर के 18+ परिजनों को मिलेगी वैक्सीन
चार दिन में 18-44 आयु वर्ग के बीच करीब 15 हजार लोगों को वैक्सीन दिए जाने के बाद मंगलवार से अगले तीन दिन तक वैक्सीनेशन बंद रहेगा। इस दौरान फ्रंटलाइन वॉरियर के 18 से 44 आयु वर्ग के परिजनों को वैक्सीन दी जाएगी। झारखंड में 10 जून को वैक्सीन की नई खेप पहुंचने के बाद 18+ वाले आमलोगों के लिए वैक्सीनेशन शुरू किया जाएगा। हालांकि जिले में 45 साल से ज्यादा आयु वर्ग का वैक्सीनेशन प्रभावित नहीं होगा।
सोमवार को 8882 ने ली वैक्सीन
सोमवार को जिलेभर में कुल 8882 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इनमें 18-44 आयु वर्ग के 5134 और 45 से ज्यादा उम्र के 3748 व्यक्ति शामिल हैं। सोमवार के जिले के 18 सेंटरों पर 18+वालों को वैक्सीन दी गई। बिष्टुपुर में पीएंडएम मॉल में 479, नरभेराम हंसराज स्कूल में 660, एक्सएलआरआई में 687 को टीका लगाया गया।
विदेश जाने वालों को वैक्सीन के लिए प्रशासन ने जारी किया रजिस्ट्रेशन लिंक
जिला प्रशासन ने वैसे छात्र जो पढ़ाई के लिए विदेश या किसी दूसरे राज्य में जाना चाहते हैं, उनके लिए विशेष टीकाकरण रजिस्ट्रेशन लिंक https://forms.gle/ 9HeSBqt3K4VPtGZCA जारी किया है। इस लिंक पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
ऐसे लोगाें के लिए जारी हुआ लिंक
- * जो विदेश में पढ़ाई या काम करने जाने वाले हों।
- * दूसरे राज्य में उपचार के लिए जाने वाले हों।
- * दूसरे राज्य में पहली डोज ली है और यहां दूसरी डोज लेना चाहते हैं।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें