बॉलीवुड ब्रीफ:फरहान अख्तर की 'तूफान' 16 जुलाई को OTT प्लेटफॉर्म पर होगी रिलीज, सलमान खान की 'भाईजान' 2022 में दीवाली पर आएगी
एक्टर फरहान अख्तर की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'तूफान' की नई रिलीज डेट की अनाउंसमेंट हो गई है। फरहान ने खुद सोशल मीडिया पर फिल्म का एक पोस्टर शेयर कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने पोस्टर के कैप्शन में लिखा, "नम्रता, प्यार और देश के खूबसूरत लोगों की लड़ाई की भावना के प्रति समर्पण के साथ हमारी फिल्म 'तूफान' 16 जुलाई को OTT प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।" पहले यह फिल्म 21 मई को डिजिटली रिलीज होने वाली थी। लेकिन कोरोना महामारी की वजह से इसे आगे बढ़ा दिया गया था।
राकेश ओम प्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में फरहान एक बॉक्सर की भूमिका में दिखेंगे। फरहान के अलावा फिल्म में मृणाल ठाकुर, परेश रावल, विजय राज, मोहन अगाशे, हुसैन दलाल और दर्शन कुमार भी अहम किरदार में नजर आएंगे। परेश फिल्म में फरहान के बॉक्सिंग कोच बने हैं।
2. सलमान खान और पूजा हेगड़े स्टारर 'भाईजान' 2022 में दीवाली पर होगी रिलीज
डायरेक्टर फरहाद सामजी ने कुछ दिनों पहले अपनी अपकमिंग फिल्म 'कभी ईद कभी दिवाली' का नाम बदल कर 'भाईजान' रख दिया था। अब सलमान खान और पूजा हेगड़े स्टारर 'भाईजान' को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान की एक्शन-कॉमेडी 'भाईजान' को 2022 में दिवाली के अवसर पर रिलीज किया जा सकता है।
मेकर्स नवंबर 2021 से फिल्म की शूटिंग शुरू करने की तैयारियां कर रहे हैं। इस फिल्म का फर्स्ट लुक 21 जुलाई को बकरी ईद के मौके पर रिलीज किया जाएगा। 'भाईजान' एक पॉपुलर तमिल फिल्म की हिन्दी रीमेक है। इस फिल्म में सलमान-पूजा के अलावा आयुष शर्मा और जहीर इकबाल भी नजर आएंगे।
3. हाथ में बच्चा लिए महिला ने पकड़ा शानदार कैच, वीडियो देख अनुष्का शर्मा हुईं इम्प्रेस
एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वे आए दिन अपने फैंस के साथ कुछ न कुछ शेयर भी करती रहती हैं। अब हाल ही में अनुष्का ने एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में बेसबॉल मैच के दौरान दर्शकों में बैठी हुई एक महिला को हाथ में बच्चा लिए शानदार कैच पकड़ते हुए देखा जा सकता है। महिला से इम्प्रेस अनुष्का ने वीडियो शेयर कर कैप्शन में लिखा, "ऐसा कुछ नहीं है, जो हम महिलाएं नहीं कर सकती हैं।"
महिला का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल भी हो गया है। इस वीडियो को यूट्यूब चैनल MLB ने शेयर किया था। इस वीडियो के कैप्शन में लिखा था, "बच्चे को संभालते हुए मां कुछ भी कर सकती है, यहां तक कि एक बॉल को भी कैच कर सकती है।"
4. संजय गुप्ता के साथ समित कक्कड़ बनाएंगे दो फिल्में
जाने-माने मराठी फिल्ममेकर समित कक्कड़ की हालिया रिलीज वेब सीरीज 'इंदौरी इश्क' है, जो युवाओं की कहानी है। यह सीरीज छोटे शहरों में यूथ के बीच खूब पॉपुलर हो रही है। इसी बीच सुनने में यह भी आया है कि संजय गुप्ता ने उनके साथ दो फिल्मों की डील कर ली है। हालांकि, इस बारे में समित अभी ज्यादा कुछ खुलासा नहीं कर सकते पर पहली फिल्म तकरीबन अगले साल फ्लोर पे जाएगी। समित के अनुसार-मेरी हमेशा बजट से ज्यादा कहानी में दिलचस्पी रही है।
लॉकडाउन में कई कहानियों पर काम कर रहा हूं। संजय गुप्ता के साथ दो हिंदी फिल्मों की डील हुई है। फिल्मों की कहानी जबरदस्त है। संजय गुप्ता के साथ काम करके मजा आ रहा है। फिलहाल समित की आगामी मराठी फिल्म '36 गुण' होगी। वे इसे मराठी फिल्मों के चर्चित कलाकार संतोष जुबेकर के साथ फिनिश करने में जुटे हैं।
5. सोनाक्षी सिन्हा की नई पहल, लोगों से पेड़ लगाने की अपील की
एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा इन दिनों पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने में जुटी हुई हैं। सोनाक्षी ने हाल ही में अपने पिता शत्रुघ्न सिन्हा और मां पूनम सिन्हा के साथ मुंबई में पौधे लगाए। जिसकी कुछ फोटोज सोनाक्षी ने खुद सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। फोटोज के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "अब आप एक, दो या तीन पेड़ को गोद भी ले सकते हैं।
चक्रवाती तूफान ताऊ ते के कारण मुंबई ने लगभग 2363 पेड़ खो दिए हैं और उनमें से लगभग 348 पेड़ तो 'के/वेस्ट वार्ड' के ही थे। इस अद्भुत पहल को शुरू करने के लिए असिस्टेंट कमिश्नर एमसीजीएम के/ पश्चिम वार्ड श्री मोटे और उनके साथ वाली bmc टीम को बधाई। जिन्होंने इस पहल की शुरुआत की है, जिसके तहत लोग उखड़े हुए पेड़ों को फिर से लगा सकते हैं और गोद भी ले सकता हैं।"


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें