बॉलीवुड ब्रीफ:'ब्लैक टाइगर' की बायोपिक कर सकते हैं सलमान, 2 अक्टूबर को रिलीज हो सकती है 'सूर्यवंशी' और अगली फिल्म के लिए विजय ले रहे 100 करोड़
2012 में जब सलमान खान की फिल्म 'एक था टाइगर' रिलीज हुई थी तो कहा जा रहा था कि यह भारतीय जासूस रवीन्द्र कौशिक की जिंदगी से प्रेरित है। लेकिन इसकी कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। अब ताजा रिपोर्ट की मानें तो सलमान ब्लैक टाइगर के नाम से मशहूर कौशिक की बायोपिक कर सकते हैं। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि इसके लिए फिल्म निर्देशक राजकुमार गुप्ता से उनकी बात चल रही है। 5 साल से कौशिक की जिंदगी पर रिसर्च कर रहे गुप्ता ने सलमान खान को कहानी सुना दी है और वे फिल्म करने के लिए तैयार भी हो गए हैं। फिल्म का टाइटल फिलहाल, फाइनल नहीं हुआ है। लेकिन तय माना जा रहा है कि यह 'ब्लैक टाइगर' नहीं होगा।
2. 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है अक्षय कुमार की 'सूर्यवंशी'
जैसे-जैसे कोरोना की दूसरी लहर से राहत मिल रही है, वैसे-वैसे ही देश अनलॉक होता जा रहा है। कई राज्यों में 50 फीसदी दर्शकों की क्षमता के साथ सिनेमाहॉल खोलने की अनुमति मिल गई है और उम्मीद की जा रही है कि जुलाई तक स्थिति और बेहतर हो जाएगी। ऐसे में फिल्मों की थिएटर रिलीज डेट का एलान भी शुरू हो गया है। अक्षय कुमार स्टारर 'बेल बॉटम' के बाद रोहित शेट्टी निर्देशित उनकी अगली फिल्म 'सूर्यवंशी' की रिलीज डेट पर भी कयास लगने शुरू हो गए हैं। माना जा रहा है कि अक्षय और फिल्म की बाकी टीम इसे 2अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर रिलीज करने की प्लानिंग कर रही है। आधिकारिक एलान होना अभी बाकी है। पिछले दिनों ही अक्षय ने एलान किया कि 'बेल बॉटम' 27 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
3. वामसी की फिल्म 'थालापति 66' के लिए 100 करोड़ चार्ज कर रहे विजय
कुछ सप्ताह पहले ऐसी खबर आई थी कि 'मास्टर' फेम अभिनेता विजय 'महर्षि' फेम डायरेक्टर वामसी पैदिपल्ली की अगली फिल्म में नजर आएंगे, जिसका टाइटल 'थालापति 66' है। ताजा रिपोर्ट्स इस फिल्म के लिए उनकी फीस के बारे में हैं। बताया जा रहा है कि इसके लिए वे 100 करोड़ रुपए चार्ज कर रहे हैं। कहा यहां तक जा रहा है कि फिल्म के आधिकारिक एलान से पहले ही टोकन मनी के रूप में उन्हें 10 करोड़ रुपए दे दिए गए हैं। प्रोड्यूसर दिल राजू की इस फिल्म का एलान कोविड की स्थिति में सुधार होते ही एक लॉन्च इवेंट में किया जाएगा। जबकि फिल्म अगले साल फ्लोर पर आएगी।
4. डेब्यू मूवी की रिलीज से पहले मानुषी छिल्लर ने तीसरी फिल्म भी साइन की
पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर की डेब्यू फिल्म 'पृथ्वीराज' अभी तक रिलीज नहीं हुई है। लेकिन रिपोर्ट्स की मानें तो वे अब तक तीन फिल्में साइन कर चुकी हैं। कहा जा रहा है कि उन्होंने तीसरी फिल्म हाल ही में साइन की है, जिसमें उनके अपोजिट चंकी पांडे के भतीजे अहान पांडे नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि यह एक सुपरहीरो फिल्म होगी, जिसका निर्माण यशराज फिल्म्स के बैनर तले होगा। उनकी पहली और दूसरी फिल्म भी YRF ही बना रहा है। पहली फिल्म 'पृथ्वीराज' में वे अक्षय कुमार के अपोजिट नजर आएंगी। वहीं, दूसरी फिल्म का टेंटटिव टाइटल 'द ग्रेट इंडियन फैमिली' है, जिसके लीड हीरो विक्की कौशल होंगे।
5. मलाइका अरोड़ा ने शेयर किया योग वीडियो, पूछा- आप लोग क्या कर रहे हैं?
इंटरनेशनल योग डे (21 जून) से 4 दिन पहले मलाइका अरोड़ा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वे वर्कआउट करती नजर आ रही हैं। इनमें कुछ जिम की एक्सरसाइज हैं तो कुछ योग की। इसके जरिए उन्होंने अपने फॉलोअर्स को एक्सरसाइज के लिए प्रेरित किया है। मलाइका ने वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "वॉक, रन, मूव, ब्रीद, स्ट्रेच , फ्लेक्ज, लेकिन स्टार्ट तो करो। इंटरनेशनल योग डे के 4 दिन बाकी हैं। आप लोग क्या कर रहे हैं? क्या आप जानना चाहते हैं कि मैं क्या कर रही हूं। मेरी बायो की लिंक क्लिक करें तो मेरे साथ लाइव वर्कआउट करें।"
6. न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर छाईं करीना कपूर, एक्ट्रेस ने शेयर किया वीडियो
करीना कपूर किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने पिछले कुछ सालों में खुद को देश की महिला सुपरस्टार के रूप में सफलतापूर्वक स्थापित किया है। अब वे न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर स्थित बिलबोर्ड पर चमक रही हैं। वहां एक लोकप्रिय ज्वैलरी ब्रांड के लिए उनका विज्ञापन दिखाया जा रहा है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा है, 'बिलबोर्ड हीरे और सोने की तरह चमक रहा है #TimesSquareNYC'। वर्क फ्रंट की बात करें तो करीना की अगली फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' है, जिसमें वे आमिर खान के अपोजिट नजर आएंगी। अद्वैत चंदन के निर्देशन में बन रही यह फिल्म इसी साल के अंत तक रिलीज हो सकती है।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें