ट्रम्प के खिलाफ FB की सख्ती:डोनाल्ड ट्रम्प का फेसबुक अकाउंट 2 साल के लिए सस्पेंड; हिंसा भड़काने के मामले में जनवरी में पहली बार एक्शन लिया था
फेसबुक ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का अकाउंट दो साल के लिए सस्पेंड कर दिया है। दो साल का समय 7 जनवरी 2021 से गिना जाएगा। उसी दिन पहली बार ट्रम्प का अकाउंट सस्पेंड किया गया था। फेसबुक के वाइस प्रेसिडेंट (ग्लोबल अफेयर्स) निक क्लेग ने शुक्रवार को ब्लॉग पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी है।
ट्रम्प को हमेशा के लिए बैन कर चुका है ट्विटर
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों के बाद 6 जनवरी को अमेरिकी संसद कैपिटल हिल के बाहर हिंसा हुई थी। इस दौरान ट्रम्प पर अपने समर्थकों को भड़काने का आरोप लगा था। इसी के चलते अगले दिन यानी 7 जनवरी को फेसबुक समेत दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने ट्रम्प के खिलाफ एक्शन लिया था।
फेसबुक की ही कंपनी इंस्टाग्राम ने भी ट्रम्प का अकाउंट सस्पेंड कर दिया था। वहीं ट्विटर तो ट्रम्प को हमेशा के लिए बैन कर चुका है।
जनवरी में सोशल मीडिया कंपनियों की कार्रवाई के बाद ट्रम्प का जवाब भी आया था। उन्होंने कहा था कि अगली बार वे सोशल मीडिया कंपनियों के CEOs को डिनर पर नहीं बुलाएंगे। ट्रम्प ने कहा था कि फेसबुक के CEO मार्क जुकरबर्ग और उनकी पत्नी के साथ अब व्हाइट हाउस में डिनर नहीं होगा। उनसे सिर्फ बिजनेस की बात होगी।
इसके बाद जुकरबर्ग ने एक पोस्ट में कहा था कि राष्ट्रपति को हमारी सर्विसेज का इस्तेमाल करने देना इस वक्त एक बहुत बड़ा जोखिम है।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें