संक्रमितों के साथ रोज हो रही मौतों ने बढ़ाई चिंता सात की मौत, 179 नए मरीज
पूर्वी सिंहभूम जिले में बुधवार को 179 नए कोरोना पाॅजिटिव मरीज मिले है। बुधवार को 7 मरीजों की मौत भी हुई है। टीएमएच, एमजीएम व टिनप्लेट अस्पताल का आकंड़े को मिलाकर कुल 115 मरीजों की मौत हो चुकी है। इसमें पूर्वी सिंहभूम जिले के 100 शामिल हैं। अब जिले से कुल 1441 मरीज कोरोना से जंग जीतकर स्वस्थ्य हो चुके हैं। फिलहाल 1815 एक्टिव केस हैं। वहीं जिले में अब कुल 3256 कोरोना पाॅजिटिव केस मिले है।
राहत की बात रही कि जिले से अबतक सबसे अधिक 215 मरीज संक्रमण से मुक्त होकर डिस्चार्ज हुए है। पाॅजिटिव मरीजों में सीआरपीएफ, मुसाबनी कैंप के 6 जवान, जुगसलाई की पुरानी बस्ती के एक ही परिवार के 5 लोग, सीएच एरिया के ही एक ही परिवार के 5 लोग, एमजीएम अस्पताल के 3 डाॅक्टर, बोड़ाम व बिष्टुपुर पुलिस के 2-2 जवान, गोलमुरी पुलिस लाइन के 4 लोग, बाराद्वारी स्थित मिशनरीज ऑफ चैरिटी के 3 लोग भी संक्रमित मिले हैं।
कोरोना से बुधवार को सात मरीजों की मौत हुई। इसमें छह टीएमएच व एक की मौत एमजीएम अस्पताल मेंं हुई है। कदमा स्थित रानीकुदर निवासी (48) पुरुष को सांस लेने में दिक्कत पर टीएमएच में भर्ती कराया था, गोलमुरी निवासी (74) पुरुष को बुखार व डायरिया की शिकायत पर छह अगस्त को टीएमएच में भर्ती कराया था, कदमा निवासी (78) पुरुष को 27 जुलाई को टीएमएच में भर्ती कराया था,
उनकी हड्डी टूटी थी, पश्चिम बंगाल के बलरामपुर निवासी (65) पुरुष को 11 अगस्त को निमोनिया की शिकायत पर टीएमएच में भर्ती किया था, एमजीएम में (85) साल की पुरुष की रिपोर्ट रैपिड एंटीजन जांच में पॉजिटिव आने पर भर्ती कराया था, टीएमएच में भर्ती मानगो जाकिरनगर निवासी (65) पुरुष और साकची निवासी (66) पुरुष की मौत टीएमएच में हुई है।
टीएमएच में मरने वाले हर मरीज की मांगी रिपोर्ट
टीएमएच में कोरोना पाॅजिटिव की लगातार मौत के कारणों की जांच बुधवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की। जिला सर्विलांस पदाधिकारी डॉ. एके लाल और डॉ. विमलेश कुमार ने टीएमएच स्थित कोविड वार्ड का निरीक्षण किया, वहां मिल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम ने टीएमएच प्रशासन से कहा है कि कोरोना से मरने वाले प्रत्येक मरीज की रिपोर्ट जांच टीम को दी जाए। इससे पूर्व सोमवार को जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. आरएन शर्मा और सर्विलांस टीम के डॉ. विमलेश कुमार ने टीएमएच में संक्रमण को लेकर अभियान चलाया था।
टीएमएच में निरीक्षण के बाद डॉक्टरों की टीम ने कहा कि अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। टीएमएच द्वारा रिपोर्ट देने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा। उपायुक्त के आदेश पर सिविल सर्जन डॉ. आरएन झा ने टीएमएच में इंफेक्शन जांच के लिए टीम बनाई थी, ताकि यह पता चल सके कोरोना मरीजों के इलाज के मामले में आईसीएमआर के प्रावधान का पालन टीएमएच में इलाज के दौरान हो रहा है या नहीं।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें