झारखंड से 23 अफसर बनेंगे...9वीं रैंक पाकर देवघर के रवि जैन स्टेट टॉपर; साइकिल मिस्त्री के बेटे ने बिना कोचिंग पाई कामयाबी
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल परीक्षा-2019 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। चयनित 829 अभ्यर्थियों में प्रदीप सिंह ने पूरे देश में टॉप किया है। दूसरे स्थान पर जतिन किशोर आए हैं। यूपी की प्रतिभा वर्मा ने तीसरा स्थान पाते हुए महिला उम्मीदवारों में पहले स्थान पर रहीं हैं। वहीं झारखंड के 23 अभ्यर्थियों ने सफलता पाई है। देवघर के रवि जैन देशभर में नौवीं रैंक पाकर स्टेट टॉपर बने हैं।
रांची से एक, जमशेदपुर से 3, संथाल परगना से 5, धनबाद सेे 5 और चाईबासा के दो चचेरे भाई हैं। आईआईटी धनबाद के चार इंजीनियरों को भी सफलता मिली है। 472वीं रैंक पाने वाले अभिनव कुमार साइकिल मिस्त्री के बेटे है। घर की खराब माली हालत के कारण अभिनव का शैक्षणिक जीवन काफी संघर्षपूर्ण रहा। यूपीएससी की तैयारी के लिए कोचिंग नहीं ले सके। तीन बार की कोशिश के बाद चौथी बार में उन्हें यह सफलता मिली।
टॉपर टिप्स- साेशल मीडिया से दूर रहा, रेगुलर न्यूज पेपर पढ़ता रहा
नौवीं रैंक लाए देवघर के रवि जैन ने कहा कि बेसिक बुक्स जाे सभी फाॅलाे करते हैं, उससे ज्यादा कुछ नहीं करता था। न्यूज पेपर रेगुलर पढ़ता था, जिससे करेंट अफेयर्स अपडेट रहता था। फेसबुक पर एक्टिव नहीं हूं। ट्विटर पर न्यूज फाॅलाे करता हूं और व्हाट्सएप पर क्लाेज फ्रेंड के साथ ही सिर्फ काॅन्टैक्ट में हूं।
4 साल के बेटे से छह माह तक दूर रही : अनुपमा सिंह
खेलगांव रांची की अनुपमा सिंह ने बताया कि आईएएस बनने के लिए उन्होंने मेडिकल का जॉब छोड़ दिया। दिल्ली जाकर तैयारी की, जिससे 4 साल के बेटे से छह माह दूर रही। कहा- अखबार, खास मैगजीन पढ़ती रही। रूटीन स्टडी फाॅलाे किया। साेशल मीडिया और टीवी से हमेशा दूर रही।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें