माल्डा में बना 50 बेड का कोविड अस्पताल
कोरोना की बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से गावां प्रखंड के माल्डा में करोड़ों रुपए की लागत से नवनिर्मित बंद पड़े प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 50 बेड की क्षमता वाला कोविड अस्पताल बनाया गया है। इसमें बेड की उपलब्धता के अनुसार संक्रमित मरीजों को आइसोलेट किया जाएगा। जिसकी लगभग तैयारी पूरी कर ली गई है। बता दें कि शुक्रवार को गावां प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ 54 संक्रमित मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गिरिडीह के बदडीहा में बनाए गए कोविड अस्पताल की क्षमता पहले की अपेक्षा और बढ़ा दी है। इसके अलावा जिला प्रशासन के निर्देश पर गावां और बगोदर प्रखंड में शनिवार को 50-50 बेड की क्षमता वाला कोविड अस्पताल तैयार किया गया है।
इधर, गावां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अरविंद कुमार ने माल्डा अस्पताल परिसर के चारो ओर साफ सफाई व शौचालय, पानी टंकी समेत अन्य चीजों को दुरुस्त करवाया। वहीं अस्पताल के एक कमरे में दो-दो बेड मरीजों के लिए बनाया गया है। इसके अलावा मरीजों के लिए ड्राई फ्रूट और पौष्टिक आहार समेत अन्य प्रबल सुविधाएं के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अरविंद कुमार ने बताया कि माल्डा पीएचसी में कोविड अस्पताल की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। बेड की उपलब्धता के अनुसार गंभीर स्थिति में मिलने वाले मरीजों को आइसोलेट किया जाएगा। साथ ही साफ सफाई समेत अन्य प्रबल सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मरीजों की संख्या बढ़ने पर बेड को क्षमता और बढ़ाया जाएगा।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें