बेटे की मौत की खबर सुन एएसआई के पिता गिरकर जख्मी, ससुर श्रद्धांजलि देकर भावुक
लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने वाले एएसआई सह राष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी तरुण कुमार पांडेय (35) की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। वे गोलमुरी पुलिस लाइन के ऑफिसर्स फ्लैट के फ्लैट नंबर 303 में रहते थे। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव को पुलिस लाइन लाया गया, यहां तरुण कुमार पांडेय को एसएसपी एम तमिल वाणन समेत अन्य ने सलामी दी। तरुण के ससुर चंद्रमणि पांडेय, बड़े भाई वीरेंद्र पांडेय समेत अन्य परिजनों ने भी श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद तरुण पांडेय का शव परिजन उनके पैतृक गांव बिहारशरीफ जिला नालंदा परवलपुर थाना के हरिपुर गांव ले गए। बुधवार को पैतृक गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सुबह में बिहार से तरुण की मां शकुंतला देवी, ससुर चंद्रमणि पांडेय समेत अन्य परिजन शहर पहुंचे। तरुण के पिता बीएस पांडेय शहर नहीं आए। इधर, बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता बीएस पांडेय गिर पड़े। उनके सिर में चोट लगी है। शहर पहुंचे मृतक के ससुर चंद्रमणि पांडेय भी पुलिस लाइन में तरुण का शव देख बिलखने लगे। तरुण की आत्महत्या की खबर सुन उनके कोच श्रीनिवास राव भी रांची से शहर पहुंचे।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें