सिर्फ बंडा पर्चा दिखाकर खेल मैदान किया कब्जा, पुलिस ने काम रुकवाया
बच्चों के खेलने के मैदान को मात्र बंडा परचा दिखाकर भू-माफियाओं ने रविवार को कब्जे में ले लिया। मामला महेशपुर के खपचाबेड़ा में हुई। कुछ लोग विरोध करने पहुंचे तो सभी को डरा-धमकाकर भगा दिया गया। अपने साथ ट्रैक्टर लाए थे। इधर, युवक विरोध करते रहे उधर दो एकड़ से अधिक भूमि जोतकर सुरगुजा रोप दिया गया। जमीन की कीमत पांच करोड़ आंकी जा रही है। जब विरोध कर रहे आदिवासी युवकों जीतेंद्र मुंडा, कृष्णा मुंडा, अशोक मुंडा, संजय मुंडा, शेखर नायक, राजकिशोर मुंडा आदि ने भू-माफियाओं से जमीन का कागजात दिखाने को कहा तो सिर्फ बंडा परचा दिखाया गया। जानकारी मिलने पर अनगड़ा थानेदार अनिल कुमार तिवारी ने काम रूकवा दिया। दोपहर में तो काम बंद रहा, लेकिन शाम में फिर से पूरे मैदान को जोतकर खेत बना दिया गया।
क्या है मामला... महेशपुर मौजा के खपचाबेड़ा में जमीन है। इस भूखंड में दशकों से गांव के बच्चे-युवक खेलकूद करते आए हैं। कई प्रकार के सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताएं होती हैं। हाल के समय में महेशपुर के आसपास के क्षेत्र में तेजी से जमीन की खरीद-बिक्री शुरू हुई। इस भूखंड के बगल की जमीन पर ड्रेनेज सिवरेज बनाने का प्लांट लगा हुआ है। अंचल पदाधिकारी मां देवप्रिया ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें