सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में सबसे अधिक घटनाएं, दूसरे और तीसरे नंबर पर सदर व जगन्नाथपुर थाना, तीनों में करीब 1000 मामले
अव्वल होना किसे नहीं अच्छा लगता। चाहे वह स्कूल में हो या किसी कॉम्पिटिशन में। लेकिन आज हम रांची जिले के उन थानों के बारे में बता रहे हैं, जो आपराधिक मामले में अव्वल हैं। इन थानों में इस साल सबसे अधिक आपराधिक घटनाएं हुईं हैं। जनवरी से अगस्त तक सबसे अधिक आपराधिक घटनाएं सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में हुई हैं। इस दौरान यहां अब तक 357 मामले दर्ज हो चुके हैं। इसके बाद दूसरे स्थान पर सदर थाना रहा। जहां जनवरी से अगस्त तक 334 आपराधिक मामले दर्ज हुए हैं। वहीं तीसरे स्थान पर जगरनाथपुर थाना है जहां अबतक 301 मामले दर्ज हो चुके है। कहने को तो राजधानी में चुस्त दुरस्त पुलिस व्यवस्था है। इसके बाद भी यहां अपराध पर लगाम नहीं लग रहा।
सबसे सुरक्षित थाना क्षेत्र है डेली मार्केट
रांची के मेन रोड में स्थित सबसे सुरक्षित थाना क्षेत्र डेली मार्केट थाना है। इस थाना क्षेत्र में जनवरी से अगस्त तक मात्र 15 मामले ही दर्ज हुए हैं। हालांकि डेली मार्केट थाना का भी इलाका कुछ कम नहीं है। इसके बाद भी इस क्षेत्र में सबसे कम अपराधिक घटनाएं होना यह बताता है कि इस क्षेत्र के थानेदार सजग हैं। सबसे कम मामला दर्ज होना भी उस क्षेत्र के रहने वाले लोगो को सकून देता है कि वे कम अपराध होने वाले क्षेत्र में रहते है।
घटनाओं में कमी लाएं,गश्ती बढ़ाएं
रांची जिले में हुए सभी क्राइम मीटिंग में सिटी एसपी सौरभ ने थाना प्रभारियों को अपराध कम करने का निर्देश दिया है। कहा है कि गश्ती बढ़ाएं। अब नए बीट सिस्टम को भी जल्द लागू करने की तैयारी है। यह तैयारी अपराध रोकने के लिए है।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें