प्राचार्य के काेराेना पॉजिटिव निकलने पर विभावि में सिंडिकेट की बैठक स्थगित
विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग में आठ सितंबर को पूर्व निर्धारित सिंडिकेट की बैठक अंतिम समय में स्थगित कर दिया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया कि एक अंगीभूत कॉलेज के प्राचार्य के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के कारण बैठक को स्थगित किया गया है। बैठक बाद में आयोजित की जाएगी। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रशासनिक भवन को 14 सितंबर तक के लिए सील कर दिया है। दरअसल तीन सितंबर को विनोबा भावे विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में अंगीभूत कॉलेज के प्राचार्यों के साथ कुलपति और अन्य पदाधिकारियों ने परीक्षा की तैयारी को लेकर बैठक किया था।
बैठक में शामिल लोगों में से एक आरके महिला कॉलेज गिरिडीह के प्राचार्य के कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद आज विश्वविद्यालय में बैठक को स्थगित किया गया और प्रशासनिक भवन को सील कर दिया गया। एक प्राचार्य कोरोना से संक्रमित पाए जाने के बाद विश्वविद्यालय को आनन-फानन में बंद कर दिया गया। एहतियातन कदम उठाते हुए प्रशासनिक भवन सील किया गया लेकिन बैठक में शामिल अधिकारियों के कोरोना टेस्ट कराने का प्रयास नहीं किया गया। विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों में लाखों रुपए खर्च कर स्मार्ट बोर्ड के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की व्यवस्था है। फिर भी इस महामारी काल में इस संसाधन का उपयोग नहीं किया गया जिसका परिणाम भवन को सील करना है। प्रधानमंत्री, राज्यपाल मुख्यमंत्री अगर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा नई शिक्षा नीति पर चर्चा कर सकते हैं तो यह विश्वविद्यालय में संसाधन के रहते हुए प्राचार्यों की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी हो सकता है। विश्वविद्यालय में 10 सितंबर तक ऑनलाइन फॉर्म भरा जाना है।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें