यूरिया खाद की किल्लत, भाजपा विधायक ने सीएम को लिखा पत्र
क्षेत्र में यूरिया खाद की किल्लत और बड़े स्तर इसके कालाबाजारी की मिल रही लगातार शिकायतों पर भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही की गरम है। उन्होंने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कृषि मंत्री को पत्र लिखकर पलामू प्रमंडल के तीनों जिले में हो रही यूरिया खाद की कालाबाजारी को रोकने की मांग की है। साथ ही किसानों को एक सप्ताह के अंदर सरकारी दर पर यूरिया खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री के नाम लिखे पत्र में विधायक शाही ने उनका ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि पलामू प्रमंडल में खाद की भारी किल्लत हो गई है। दुकानदारों के द्वारा 266रुपए का यूरिया खाद 650 से 700 में बेचा जा रहा है। बड़े स्तर पर खाद की कालाबाजारी की जा रही है।कोरोना काल में प्रमंडल के तीनों जिलों में यूरिया की किल्लत से किसान बेहाल हैं और उनकी परेशानियां बढ़ गई है।
किसान अपने खेतों में धान की निराई कर चुके हैं और अब समय से उन्हें खाद नहीं मिलने के कारण धान की खेती को बर्बाद होने का डर सता रहा है। वहीं, कुछ किसानों को बाजार से ब्लैक में यूरिया खरीदनी पड़ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री का ध्यान संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना बंद होने के बाद किसान खुद को बेबस समझ रहे हैं। ऊपर से यूरिया खाता किल्लत और कालाबाजारी से पलामू प्रमंडल के तीनों जिले गढ़वा, लातेहार और पलामू के किसानों का कमर तोड़ कर रख दिया है। इस वर्ष अच्छी बारिश के चलते अच्छा धान होने की उम्मीद थी। परंतु यूरिया खाद की उपलब्धता नहीं होने कारण अभी से किसानों के चेहरे पर मायूसी दिखाई दे रही है। ऐसे में किसानों का मेहनत सफल हो और किसान अच्छे फसल उगा सकें, इसके निमित्त सरकारी दर पर पर्याप्त मात्रा में बिना बिचौलियागिरी के यूरिया खाद उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें