हादसे में महिला सहित 3 लोग घायल, बोकारो रेफर
प्रखंड के दो अलग-अलग स्थानों पर बुधवार को हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों का डुमरी रेफरल अस्पताल में प्राथमिक ईलाज के बाद रेफर कर दिया गया। पहली घटना निमियाघाट थाना क्षेत्र के बड़कीटांड़ के समीप जीटी रोड पर हुई। थाना क्षेत्र के कटहलटांड़ निवासी असगर अहमद का पुत्र अल्ताफ आलम अपनी चाची सफीक अहमद की पत्नी समीदा खातून के साथ बाईक से डोमाबारा स्थित पीडीएस दुकान से राशन लेकर घर लौट रहा था।
इसी दौरान बड़कीटांड़ के समीप ईसरी से निमियाघाट की ओर जा रही यात्रियों से भरी एक ऑटो से बाईक की टक्कर हो गयी।इस दुर्घटना में बाईक में सवार अल्ताफ आलम और समीदा खातून गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने ईलाज के लिए डुमरी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बोकारो रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरी घटना डुमरी-गिरिडीह पथ पर लटकट्टो पुलिस पीकेट के समीप घटी। बेको स्थित पूर्वी भंडार निवासी अजीत महतो बाईक से गिरिडीह से घर लौट रहा था। इसी दौरान वाहन ने टक्कर मार दी।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें