800 सफाईकर्मियों के वेतन से ईपीएफ काटना भूल गया निगम, पीएफ आयुक्त के पत्र पर जागा निगम, पूर्व के अफसराें की लापरवाही उजागर
पूर्व व कार्यरत 800 सफाईकर्मियाें का ईपीएफ काटना नगर निगम के अधिकारी भूल गए। सभी सफाईकर्मी वित्तीय वर्ष 2016-17 और 2017-18 में काम कर रहे थे। इनमें से कई निगम में दैनिक मजदूर के रूप में काम कर रहे थे, जबकि अधिकतर आउटसाेर्सिंग एजेंसी और एनजीओ के अधीन काम कर रहे थे। ईपीएफ का पैसा नहीं काटे जाने का खुलासा पीएफ के सहायक आयुक्त के पत्र से हुआ है।
सहायक आयुक्त ने निगम काे पत्र भेज कर इन कर्मियाें की ईपीएफ की राशि जमा करने को कहा है। पत्र के आने के बाद जब नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर लेखा शाखा ने छानबीन शुरू की ताे खुलासा हुआ कि कर्मियों का ईपीएफ काटा ही नहीं गया है। सभी कर्मियाें का पूरा वेतन भुगतान कर दिया गया है। इस लापरवाही के लिए पूर्व के नगर आयुक्तों को जिम्मेवार बताया जा रहा है। 2016 से लेकर 2018 तक चार आयुक्त आए और चले गए, लेकिन किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। नगर आयुक्त ने इसकी शिकायत राज्य सरकार से करने की बात कही है।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें