संगठन महामंत्री संतोष बोले...हेमंत सरकार की गड़बड़ियों को सामने लाएं
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने राज्य सरकार की गलत नीतियों पर हमला करने का निर्देश दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा है कि हेमंत सरकार के भ्रष्टाचार को प्रमाण के साथ उजागर करें।
झारखंड में सेवा और संपर्क अभियान के साथ-साथ राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करने की जिम्मेवारी भी पार्टी की है। बीएल संतोष ने शनिवार शाम को प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर पार्टी की आगे की नीतियों को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अन्याय के खिलाफ आज विश्व एकजुट हुआ है।
राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि हमें संगठन की मजबूती के लिए बूथों तक अपनी विचारधारा को तो पहुंचाना है। छह माह में ही हेमंत सरकार इतनी भ्रष्ट हो जाएगी, इसकी उम्मीद उन्हें नहीं थी। यह जनविरोधी, आदिवासी विरोधी और विकास विरोधी सरकार है। बैठक में मौजूद सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने भी कई संगठनात्मक निर्देश दिए। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में हुई बैठक में नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, कोर कमेटी सदस्य रवींद्र राय, जयंत सिन्हा समेत सभी प्रदेश पदाधिकारी और मोर्चा अध्यक्ष शामिल हुए।
उजागर हो रहा हेमंत सरकार का भ्रष्टाचार : दीपक
प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि वे केंद्र की उपलब्धियों के प्रसार के साथ-साथ हेमंत सरकार की नाकामियों को उजागर करते रहेंगे। विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार सिर्फ अपने परिवार और पैसे के लिए काम कर रही है। अपराधी बेलगाम हो गए हैं। ट्रांसफर-पोस्टिंग में पैसे का बड़ा खेल चल रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें