केएफ-2 फ्लैट की पार्किंग में बदमाशाें ने लगाई आग, 11 बाइक जलकर राख
कदमा केएफ-2 फ्लैट की पार्किंग में शुक्रवार की रात बदमाशाें ने आग लगा दी, जिससे पार्किंग में रखी 11 बाइक जलकर राख हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ फ्लैट की बालकनी में रखे एसी भी जल गए। पेड़-पौधे भी आग की लपटों से झुलस गए। इससे लगभग 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। इस दौरान लोगों ने मैदान में आकर व छत पर जाकर अपनी जान बचाई।
इधर, सूचना पाकर दमकल की गाड़ी व पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, परंतु आग बुझाने के पूर्व पार्किंग में रखी सभी बाइक जलकर राख हो गई थी।आग के कारण फ्लैट की दीवार काली हो गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग रात लगभग एक बजे लगाई गई। इधर, भागने के दौरान बदमाशाें ने फ्लैट से कुछ दूरी पर सड़क किनारे खड़ी सावर सिंह तारिका की कार में आग लगा दी, जिससे कार का पिछला हिस्सा जल गया। फ्लैट में टाटा स्टील के कर्मी रहते हैं।
घटना के बाद टाटा स्टील व जुस्को के अधिकारी फ्लैट में पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पार्किंग के ठीक ऊपर रहने वाले दीपक कुमार झा की पत्नी चंदना झा ने बताया कि रात में अचानक फर्श तपने लगा। फर्श इतना गर्म हो गया था कि उसपर नंगे पांव चलना मुश्किल था। कमरे में धुआं भर गया और टायर जलने की गंध आने लगी। वह नीचे आई तो पार्किंग में आग जलता देखा। शोर मचाने पर फ्लैट के अन्य लोग जुटे।
धुआं के कारण घर में रखे सामान व बच्चों के चेहरे काले हो गए थे। लोगों ने आसपास की बस्ती के युवकों पर आग लगाने का आरोप लगाया है। 11 जून को अड्डेबाजी का विरोध करने पर 13 से 20 युवकों ने फ्लैटवासियों के साथ मारपीट की थी। बाद में थाना में समझौता हो गया था। उन्हें शक है कि उन्हीं युवकों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। युवक वहां अड्डेबाजी कर शराब और गांजा पीते हैं।
कुल 11 बाइक जलकर राख हुई
फ्लैट के लोगों के अनुसार, एक मार्च 2016 काे इसी फ्लैट की पार्किंग में करीब 20 बाइक जलकर राख हो गई थी। शुक्रवार की रात जयकिशन महतो, ज्ञानरंजन साहू, रवींद्र जेना, ओमियो पानीग्राही, अजय प्रताप सिंह, एस कुमार शर्मा, सुदिप्ता दत्ता, शेखर बोल, शुभाशीष कुमार शर्मा, अमरेंदु मंडल, मुनमुन गोस्वामी की बाइक जलकर राख हो गई।
सोमवार से बाउंड्री ऊंचा किया जाएगा
आगलगी की घटना को टाटा वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रबंधन से कर्मचारियों की सुरक्षा को पुख्ता करने की मांग की है। वहीं, यूनियन के सहायक सचिव नितेश राज ने कदमा थाना को ज्ञापन दे कार्रवाई करने वर्ना आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं, कंपनी प्रबंधन ने तत्काल फ्लैट में दो सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया है। सोमवार से फ्लैट की दीवार ऊंचा किया जाएगा।
कैंपस में नहीं है कैमरा
कैंपस में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। इस कारण कोई भी बाहरी लोग अाकर अड्डेबाजी करते हैं। यहां सिक्युरिटी की व्यवस्था भी नहीं है। फ्लैट के लोगों ने बताया कि वे सभी चंदा कर कैंपस में सीसीटीवी कैमरा लगाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस जांच कर रही है। -अरविंद कुमार, डीएसपी हेड क्वार्टर 2
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें