केंदो में लगी चौपाल, मनरेगा आयुक्त ने जमीन पर बैठ सुनी लोगों की समस्याएं
चक्रधरपुर प्रखंड के केंदो पंचायत माटियाडी साई में रविवार को आयोजित चौपाल में मनरेगा आयुक्त सिद्धार्थ त्रिपाठी ने जमीन पर बैठ कर ग्रामीणों की समस्या सुनी और उसके उपाय भी बताएं। आयुक्त ने सबसे पहले लोगों के मनरेगा से नहीं जुड़ने के कारणों का पता किया। पता चला कि 80 प्रतिशत ग्रामीणों का जॉब कार्ड नहीं है। कई ग्रामीणों को मनरेगा के बारे में भी जानकारी नहीं थी। इसपर आयुक्त ने लोगों को मनरेगा के तहत रोजगार से जोड़ने की योजनाओं के बारे में बताया।
मौके पर मौजूद बीडीओ रामनारायण सिंह को कैंप लगाकर जॉब कार्ड बनाने और वितरण करने का निर्देश दिया। इतना ही नहीं, यह कार्य पूरे जिले में आयोजित करने को कहा। आयुक्त की बातों से लोगों में विश्वास जगा। इसके बाद ग्रामीणों ने हर तरह की समस्याओं को आयुक्त के समक्ष रखा। चौपाल में आयुक्त ने लापरवाही पर मनरेगा कर्मचारियों को फटकार लगाई और मुखिया शांति देवी को ग्रामीणों का सहयोग करने को कहा। मौके पर डीडीसी संदीप बख्शी, पंचायत सचिव निरल होरो, मनरेगा कर्मी समेत ग्रामीण मौजूद थे।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें