जुगसलाई पटाखा दुकान से 20 कदम की दूरी पर टायर दुकान में लगी आग,समय पर पा लिया गया काबू, बड़ा हादसा टला
जुगसलाई काली मंदिर से सटी टायर दुकान में रविवार की सुबह साढ़े पांच बजे आग लग गई। जहां आग लगी वहां से 20 कदम की दूरी पर रौनक गुलाटी की पटाखा दुकान है। घटना के बाद काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर सीसीआर वैन के पदाधिकारी एएसआई अनिरुद्ध मंडल ने लोगों की मदद से आग बुझाने का काम किया। एएसआई के मुताबिक लोगों ने आग तापने के लिए वहां लकड़ियां जलाई थीं, जिससे टायर दुकान में आग लगी। आग लगने के तुरंत बाद ही काबू पा लिया गया। अगर आग टायरों में लग जाती तो वहां बड़ा हादसा हो सकता था।
इधर, जुगसलाई में पटाखा की तीन गुना कीमत वसूलने पर महिलाओं का धरना, गाइडलाइन जारी करने की मांग
जुगसलाई में दो लाइसेंसी दुकानदार राम अवतार गुलाटी व रौनक गुलाटी द्वारा पटाखा का दाम तीन गुना वसूलने का आरोप लगाते हुए रविवार को महिलाओं ने हंगामा किया। रामअवतार गुलाटी की दुकान के पास महिलाओं ने धरना-प्रदर्शन किया। परसुडीह निवासी संस्कृति सोशल वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष मुनमुन चक्रवर्ती ने बताया कि प्रशासन दोहरी नीति अपना रही है। घनी आबादी होने के बावजूद दो लोगों को स्थाई लाइसेंस मिला है और जिनको हर साल अस्थाई तौर पर लाइसेंस निर्गत किया जाता था उन्हें अब तक नहीं दिया गया। ऐसे में घनी आबादी के बीच स्थाई तौर पर लाइसेंस लेकर बैठे दो दुकानदार ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार करने के साथ मनमाने पैसे वसूल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगर जिला प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो मुख्यमंत्री को भी मामले से अवगत कराएंगी। दिवाली नजदीक है। ऐसे में जिला प्रशासन ने अब तक पटाखा के लाइसेंस को लेकर कोई गाइडलाइन जारी नहीं की है, जिससे दोनों दुकानदारों की मनमानी बढ़ गई है। उनलोगों ने प्रशासन से जल्द गाइडलाइन जारी करने की मांग की, जिससे लोगाें को पटाखा उचित कीमत पर मिल सके।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें