पाइप फटने से 4 दिन से एक हजार घरों में पानी सप्लाई बंद, आक्रोश देख कोई अधिकारी बात करने नहीं पहुंचा
मानगो के पारडीह की कुमरूम बस्ती में पाइप फटने से एक हजार घराें में चार दिनों से जलापूर्ति ठप है। आक्रोशित ग्रामीणों ने पानी सप्लाई करने की मांग को लेकर रविवार सुबह 11-12 बजे तक तीर-धनुष के साथ विभाग के जवाहरनगर स्थित प्लांट के बाहर और सड़क पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के साथ भाजपा नेता विकास सिंह भी थे। हथियार के साथ लोगों के प्रदर्शन करने की सूचना मिलने पर डर से कोई पदाधिकारी बातचीत को नहीं पहुंचा। भाजपा नेता विकास सिंह ने कार्यपालक अभियंता व कनीय अभियंता से फोन पर बात की।
पदाधिकारियों ने बताया पाइप की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू होगा। बार-बार पाइप फटने से ठेकेदार भी परेशान हो गए हैं। वहीं, मरम्मत का पैसा नहीं मिलने का हवाला देकर काम नहीं कर रहे हैं। इसलिए हाईलेवल से ही काम शुरू किया जाएगा। भाजपा नेता विकास सिंह ने कहा पेयजल विभाग के पदाधिकारियों ने अपनी लाचारी बताई है, लेकिन हमलोगों को पानी चाहिए। लोगों का गुस्सा स्थानीय जनप्रतिनिधि पर भी है। प्रदर्शन में भाजपा उलीडीह मंडल के अध्यक्ष अमरेंद्र पासवान, गोपाल यादव, संदीप शर्मा, आतनु हजारे शामिल थे।
ठेकेदार को पाइप की मरम्मत करने का निर्देश
मानगो सब डिवीजन के एई सुरेंद्र सिंह ने पाइप लाइन की मरम्मत शुरू करने का निर्देश ठेकेदार को दिया है। सोमवार की सुबह से काम करने का निर्देश दिया है, ताकि लोगों को पानी मिले। उन्होंने कहा एनएच निर्माण कार्य से पाइप फट रहा है और जनता को पानी नहीं मिल पा रहा है। विभाग ने 1.25 करोड़ रुपए का एनएच से पाइप लाइन शिफ्ट करने का प्रस्ताव दिया है। इधर, पेयजल विभाग के ठेकेदार अक्षय हलधर ने बताया ठेकेदार की लापरवाही से पाइप फटने से पानी सप्लाई बंद हो जाती है।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें