अवैध खदान जांचने गई टीम को खदेड़ा, डीएमओ से गाली-गलौज
दुमका के शिकारीपाड़ा में अवैध खनन की शिकायत पर जांच करने पहुंची जिला टास्क फोर्स टीम को पत्थर माफियाओं ने खदेड़ दिया। डीएमओ से गाली -गलौज और हाथापाई भी की गई। बुधवार को जिला खनन पदाधिकारी दिलीप तांती और शिकारीपाड़ा अंचलाधिकारी अमृता कुमारी पुलिस बल के साथ शिकारीपाड़ा प्रखंड के चित्रागढ़िया गांव पहुंचे, जहां अवैध पत्थर खदान संचालित हैं। इलाके में सर्वाधिक अवैध खदानें वर्षों से चल रही हैं।
जांच टीम जैसे ही चित्रागढ़िया पहुंची और अवैध खदान के बारे में आसपास के लोगों से जानकारी लेनी चाही, तभी काफी संख्या में लोग जमा हो गए और जिला खनन पदाधिकारी के वाहन को चारों तरफ से घेर कर गाली गलौज करने लगे। माफिया तत्वाें के इशारे पर कुछ लाेगाें ने डीएमओ से हाथापाई भी की।
अवैध खदान चलानेवालाें पर हाेगी कार्रवाई
डीएमओ दिलीप तांती ने कहा कि चित्रागढ़िया में अवैध खनन धड़ल्ले से चल रहा था। मजदूरों से पूछताछ की, ताे लोग आक्रोशित हो गए और हमें जांच करने से रोका। उन्होंने कहा कि अवैध खदान चलानेवालाें के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें