छठ तालाब हुए साफ, घरों व मोहल्लों में भी अर्घ्य की तैयारी
नहाय-खाय के साथ लाेक आस्था का महापर्व छठ शुरू हाे गया है। इसी के साथ निगम ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी है। सभी छठ तालाबाें की सफाई का काम पूरा हाे चुका है। तालाबाें में चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया।
अधिकांश तालाबाें में चूना का छिड़काव किया जा चुका है। छठ घाटाें पर नियमित सफाई के लिए छाेटे-बड़े 70 तालाबाें में सफाईकर्मियाें काे तैनात किया गया है। तालाबाें में सफाई व्यवस्था पर नजर रखने की जिम्मेवारी कनीय अभियंताओं और सुपरवाइजराें काे दी गई है।
सफाई व्यवस्था का जायजा लेने बुधवार काे नगर आयुक्त खुद निकले। उन्हाेंने राजेंद्र सराेवर, धैया रानीबांध, हीरापुर खाेखन तालाब, राजा तालाब, मनईटांड़ छठ तालाब और डीएस काॅलाेनी स्थित पंपू तालाब का निरीक्षण किया।
उन्हाेंने बताया कि कुछ छठ तालाबाें तक पहुंचपथ को समतल करने का निर्देश दिया गया है। निगम की ओर से सभी तालाब में लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है।
छठ घाट जाने के दौरान 4-4 घंटे बंद रखी जाएगी बिजली
सुरक्षा के लिहाज से शुक्रवार की शाम व शनिवार की सुबह 4-4 घंटे बिजली गुल रहेगी। सुरक्षा व एहतियात के दृष्टिकोण से जेबीवीएनएल ने शुक्रवार को पहले अर्घ्य के दिन दोपहर 3 बजे से लेकर शाम के 7 बजे तक और शनिवार की सुबह 3 बजे से लेकर 7 बजे तक बिजली कटौती करेगा। घाटों पर जेई व कर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति रहेगी।
कई मोहल्लों में लोगों ने बनाए कृत्रिम तालाब, वहीं देंगे अर्घ्य
माडा काॅलाेनी, विनाेद नगर, हाउसिंग काॅलाेनी सहित अन्य मोहल्लों में इस बार कृत्रिम तालाबों का निर्माण किया गया है। कई माेहल्ले के लाेगों ने आपस में चंदा इकट्ठा कर तालाब का निर्माण करा रहे हैं। व्रतियों ने कहा कि संक्रमण के खतरे से बचना भी चुनाैती है।
ऐसे में माेहल्ले में तालाब का निर्माण कराने से साेशल डिस्टेंसिंग का पालन आसानी से किया जा सकेगा। वहीं कई घरों की छतों में भी कुंड बनाकर लोग भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगे।
घाटों में पुलिस की रहेगी तैनाती: एसएसपी
एसएसपी असीम विक्रांत मिंज ने बुधवार को शहर के घाटाें का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी ने बताया कि घाटाें में सुरक्षा काे लेकर अतिरिक्त बलाें की तैनाती की जाएगी। सिविल ड्रेस में महिला बल की तैनाती भी घाटाें पर की जाएगी। ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें