31 पार्किंग में सुविधा शुल्क नहीं टैक्स वसूल रहा जमशेदपुर अक्षेस, शहर में रोड टैक्स के साथ सड़क पर पार्किंग के वसूल रहे पैसे - AKB NEWS

31 पार्किंग में सुविधा शुल्क नहीं टैक्स वसूल रहा जमशेदपुर अक्षेस, शहर में रोड टैक्स के साथ सड़क पर पार्किंग के वसूल रहे पैसे

शहर में पार्किंग के नाम पर जमशेदपुर अक्षेस (जेएनएसी) सड़क पर पार्किंग करा शुल्क वसूल रहा है। एक जोन में अलग-अलग जोन बना लोगों से शुल्क वसूली कर रहा है। दरअसल, जेएनएसी के पास पार्किंग की जगह नहीं है। न ही पार्किंग क्षेत्र को विकसित किया है। जहां लोग ज्यादा गाड़ी खड़ी करते हैं, वहां पार्किंग का बोर्ड लगा संवेदकों से पैसे की वसूली कर रहा है। जेएनएसी ने 31 जगह को पार्किंग के रूप में चिह्नित कर वसूली शुरू कराया है। इसमें तीन टाटा स्टील ने पार्किंग डेवलप किया है।

अन्य जगह सड़क किनारे है। इसमें से 18 स्थान साकची और 12 स्थान बिष्टुपुर में है व एक कदमा बाजार में है। लोग सड़क पर चलने के लिए सरकार को टैक्स देते हैं, उसपर थोड़ी देर के लिए गाड़ी खड़ी करने के लिए अक्षेस टैक्स वसूल रहा है। पार्किंग शुल्क सुविधा शुल्क के तौर पर होता है लेकिन इसमें केवल शुल्क की वसूली हो रही है व सुविधा कुछ नहीं हो रहा है। जेएनएसी के पास पार्किंग की जगह नहीं है। एसओ कृष्ण कुमार ने कहा- पार्किंग व्यवस्था राजस्व के लिए बनी है ताकि इनकम हो और सेवा भी दे सकें।

पार्किंग ठेका

जनहित का काम छोड़ टाॅर्चर कर पैसे वसूलना गलत; पूर्व कोल्हान आयुक्त

पूर्व आईएएस सह कोल्हान आयुक्त मोहनलाल राय ने कहा- सड़क पर पार्किंग करा शुल्क वसूली गलत है। ऐसा सिर्फ जमशेदपुर में ही होता है। अक्षेस को पहले पार्किंग स्थल बनाना चाहिए। उसको व्यवस्थित करने के लिए चहारदीवारी करें, वाहनों को सुरक्षित रखने की जवाबदेही तय करें, फिर शुल्क वसूली करें। अभी अक्षेस अवैध काम कर रहा है। लोग सरकार को रोड टैक्स दे रहे हैं व सड़क किनारे गाड़ी लगाने के लिए भी टैक्स दे रहे हैं। एक ही चीज के लिए दो बार टैक्स नहीं लिया जा सकता है। लोगों को टाॅर्चर करना गलत है। पहले अक्षेस सुविधा दे तब जाकर शुल्क ले, तो नियमानुकूल होगा। अक्षेस जनहित में काम करे, न कि टॉर्चर।

इधर, वसूली के खिलाफ जेएनएसी कार्यालय पर प्रदर्शन

योगी यूथ ब्रिगेड ने शहर में पार्किंग के नाम पर लोगों की जेब ढीली करने के लिए जेएनएसी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। बिष्टुपुर और साकची में पार्किंग के लिए बार-बार लोगों से की जा रही वसूली का विरोध किया। एसओ को सौंपे ज्ञापन में कहा - साकची-बिष्टुपुर जैसे महत्वपूर्ण व्यवसायिक क्षेत्रों में अप्रत्याशित रूप से पार्किंग शुल्क 10 से 40 रुपए तक की वसूली हो रही है। यह लोगों की जेब पर डाका है। यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष समरेश सिंह ने कहा- साकची-बिष्टुपुर में अलग-अलग जगह पार्किंग के लिए भारी राशि लिया जा रहा है। इसपर रोक लगनी चाहिए।

 महानगर अध्यक्ष साकेत भारद्वाज ने कहा - पार्किंग के नाम पर वसूली बंद नहीं हुई तो 10 दिनों में आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में रंजीत सिंह, शशि ओझा, कृष्णमोहन सिंह, राजेश सिंह, पवन सिंह, संतोष सिंह, चिंटू ओझा, जयकुमार शर्मा, मोनू सिंह, कुंदन यादव, अंकित चौधरी, सूरज सिंह, श्रीकांत सिंह, मस्त सिंह राजा थे।




Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads