वनभोज पर सख्ती, आज से पिकनिक स्पॉट पर होगी कोविड जांच, एक जनवरी को दिनभर शहर में रहेगी नो इंट्री
जिला के प्रमुख पिकनिक स्पॉट पर जाने वालों की कोविड टेस्ट होगी। लोगों को सोशल डिस्टेंसिग व मास्क का अनुपालन करना होगा। डीसी सूरज कुमार, एसएसपी एम तामिल वाणन ने आदेश दिया कि व्यवस्था मंगलवार से 15 जनवरी तक प्रभावी रहेगा। कोरोना रोकने के लिए प्रशासन ने यह कदम उठाया है। डिमना लेक पर कोविड जांच के लिए दो टीम तैनात की है जबकि अन्य वनभोज स्थल पर एक-एक टीम रहेगी। वनभोजन स्थल पर कोविड जांच के बाद ही इंट्री मिलेगी। अगर कोई पॉजिटिव मिलता है तो टीम उसे कोविड केयर सेंटर भेजेगी। बड़े वनभोज स्थल पर 300 से ज्यादा व्यक्तियों के जुटने पर पाबंदी रहेगी।
वन भोज स्थल के इंट्री प्वाइंट पर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल के जवानों को तैनात किया है। शराब पीने पर पाबंदी रहेगी। वनभोज स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, राजनीतिक व सामाजिक संगठनों की सभा पर रोक रहेगी। जांच में कोई बिना मास्क-सोशल डिस्टेंसिग की अवहेलना करते पाया तो तत्काल डीएम एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। वहीं अब तक जिले में संक्रमितों की संख्या 17333 पहुंच गई है। इस तरह जिले के 16744 संक्रमित मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं और एक्टिव केस की संख्या 215 है।
इन स्थानों पर पाबंदी
डिमना लेक, सोनारी दोमुहानी, नरवा डैप, घाटशिला के बुरुडीह डैम, घाटशिला का धारागिरी जल प्रपात, महान बांग्ला के उपन्यासकार विभूति भूषण उपाध्याय का आवास, जादूगोड़ा रंकिणी मंदिर, टेल्को गोपेश्वर पार्क, हुरलुंग बिरसानगर नदी किनारे, कदमा भाटिया पार्क, गालूडीह बराज डैम व अन्य स्थानों पर।
शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की जांच
नए साल शुरू होने के चार दिन पूर्व शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच ब्रीद एनलाइजर से होगी। तेज गति से दो पहिया चलाने वालों पर पुलिस की नजर रखेगी। एक जनवरी को शहर में भारी मालवाहक वाहनों की इंट्री पर रोक दी जाएगी। सुबह छह से रात्रि 11 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहन प्रवेश नहीं करेंगे। शहर में जिन इलाकों में दिन में भारी मालवाहक वाहन चलाने की अनुमति है, उस पर रोक रहेगी।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें