मोहनानी बंधु को सहयोग करने वाले चार अधिकारियों को शोकॉज 4 पीडीएस दुकानों का लाइसेंस रद्द
पीडीएस के खाद्यान्न की कालाबाजारी में मोहनानी बंधुओं का साथ देने वाले वाले खाद्य व आपूर्ति विभाग के 4 अधिकारियों को शोकॉज किया है। खाद्य व आपूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अरूण कुमार के आदेश पर सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह साकची गोदाम के एजीएम केपी सिंह, बर्मामाइंस गोदाम के एजीएम जगदीश हाजरा, एमओ संतोष कुमार व जेपी श्रीवास्तव शामिल हैं।
डोर स्टेप डिलेवरी ठेकेदार संजय मोहनानी के साकची व गोलमुरी में स्थित गोदाम व उसके भाई दीपक मोहनानी के साकची मार्केट स्थित पीडीएस दुकान पर प्रशासन की टीम ने छापेमारी कर पीडीएस के करीब 1 करोड़ का खाद्यान्न जब्त किया था। इसके बाद मोहनानी बंधुुओं पर साकची व गोलमुरी थाना में प्राथमिकी की थी।
दोनों भाई जेल से ही रिश्तेदार महिला के साथ कालाबाजारी कर रहे हैं, इसका प्रमाण प्रशासन को मिला है।
डीसी सूरज कुमार ने एडीएम नंदकिशोर लाल को जांच का जिम्मा सौंपा था। टीम ने रिपोर्ट डीसी को सौंपी थी, जिसमें चार अधिकारियों को आरोपी पाया। डीसी ने विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा के साथ रिपोर्ट अपर मुख्य सचिव को भेजी थी।
इस आधार पर कार्रवाई कर शोकॉज किया है। नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं पाने पर निलंबन की प्रक्रिया शुरू होगी।
टेल्को में अनाज खपाने वाला आरोपी है फरार
टेल्को, मनीफीट में 4 पीडीएस दुकान का लाइसेंस निलंबित कर एसओआर नवीन कुमार ने नोटिस जारी किया। 15 दिसंबर को राजू कुमार साव दुकान के करीब 54 क्विंटल खाद्यान्न कालाबाजारी करते पकड़ाए थे। टेल्को थाना में केस किया था, आरोपी फरार है। इसकी दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। राज के लाभुकों को बीएम अग्रवाल की दुकान से खाद्यान्न मिलेगा।
खाद्यान्न के भंडारण व स्टॉक पंजी में अनियमितता पाने पर मनीफीट के पीडीएस दुकानदार सत्यनारायण, रंजीत कुमार रजक व बिनोद रजक की दुकान का लाइसेंस भी निलंबित किया है।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें