चार साल की बहन की गोद में खेल रहा ढाई माह का भाई गर्म पानी में गिरा, इलाज के लिए परिजन एमजीएम अस्पताल लाए
सीतारामडेरा के छायानगर में लापरवाही के कारण ढाई माह का बच्चा व चार साल की उसकी बहन गर्म पानी से झुलस गए। दोनों को परिवार के लोग इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले गए। ढाई माह के विराज यादव की स्थिति गंभीर है। उसका मुंह, छाती व हाथ झुलस गया है, जबकि बहन का एक हाथ झुलसा है। विशाल यादव ने कहा- सोमवार काे ज्यादा ठंड होने के कारण पत्नी ने चूल्हा पर बाल्टी में पानी गर्म हाेने के लिए रखा था, तभी उनके ढाई माह के बेटे विराज यादव को चार साल की बेटी रश्मि यादव उर्फ खुशी गोद में खेला रही थी।
खेलाने में हाथ से बच्चा बाल्टी में रखे गर्म पानी में गिर गया। भाई को गर्म पानी में चिल्ला कर रोते देख खुशी समझ नहीं पाई व खुद पानी में हाथ डालकर निकालने लगी। तभी बच्चे के रोने की आवाज सुनकर वे पहुंचे। उन्होंने बच्चे को गर्म पानी से निकाला व इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया।
नीमडीह- खाना बनाने के दौरान आग से 80 फीसदी तक झुलसी युवती की मौत
नीमडीह थाना अंतर्गत मिरू गांव की युवती महिता महतो (17) ने रविवार की रात एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रविवार की सुबह वह घर में खाना बनाने के दौरान आग से करीब 80 प्रतिशत झुलस गई थी। एमजीएम अस्पताल के बर्न वार्ड में उसका इलाज चल रहा था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सीनी- चूल्हे पर चाय बनाने के दौरान महिला के कपड़े में लगी आग, एमजीएम पहुंचे परिजन
सीनी थाना अंतर्गत महादेवपुर की महिला कल्पना मंडल (32) सोमवार की सुबह चाय बनाने के दौरान आग से झुलस गई। परिजन स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां बेहतर इलाज के लिए एमजीएम रेफर किया। पति बागंबर मंडल ने बताया- सुबह में पत्नी चूल्हे पर चाय बना रही थी। इसी दौरान उसके कपड़े में आग लग गई।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें