मौसम ने ली करवट:दोपहर में तेज हवा चली, शाम में हुई बारिश से फिर लौटी ठंड; आज वज्रपात के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी: रांची
- बादल छाए, 20 फरवरी से आसमान रहेगा साफ, अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी
- बारिश व वज्रपात से राजभवन सबस्टेशन डेढ़ घंटे बंद, कई क्षेत्रों में कटी रही बिजली
राजधानी रांची में मंगलवार की दाेपहर अचानक मौसम बदला व तेज हवा के साथ बादल छा गए। फिर मेघ गर्जन के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार एक मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश होने से रात में ठंड बढ़ गई। रांची का न्यूनतम तापमान 12.9 और अधिकतम 29.8 डिग्री रिकार्ड दर्ज किया गया है। मौैसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 19 फरवरी तक रांची सहित झारखंड के कइ हिस्साें में बारिश, गर्जन, वज्रपात के साथ ओला भी पड़ने की चेतावनी जारी की गई है।
इसलिए बदला मौसम, राजस्थान ईस्ट में साइक्लोनिक सर्कुलेशन
राजस्थान ईस्ट में साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से झारखंड में बारिश का असर है। 17 फरवरी काे भी झारखंड के मध्य, उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, राजधानी रांची में भी बारिश के साथ वज्रपात के आसार हैं।
बारिश व वज्रपात से राजभवन सबस्टेशन डेढ़ घंटे बंद, कई क्षेत्रों में कटी रही बिजली
रांची| रांची में दोपहर बाद हुए मौसम में बदलाव, बारिश और वज्रपात के कारण कई क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रही। राजभवन सबस्टेशन शाम 4.30 बजे से करीब 6 बजे तक बंद रहा। इस कारण कांके रोड, गांधी नगर, पहाड़ी मंदिर एरिया, गाड़ीखाना चौक, मधुकम, जयप्रकाश नगर, रातू रोड, कुम्हार टोली, केशव नगर, रेडियम रोड, कचहरी रोड व आसपास के क्षेत्रों में बिजली नहीं रही। राजभवन सबस्टेशन का लाइटिंग अरेस्टर में खराबी आने के कारण ऐसी समस्या उत्पन्न हुई।
आज रानी बगान, बांध गाड़ी व आसपास में 2 घंटे कटेगी बिजली
बुधवार को 11 केवी ढेलाटोली फीडर सुबह 11.30 बजे से 1.30 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान केबल चार्जिंग किया जाएगा। इस कारण ढेलाटोली, न्यू नगर, बांध गाड़ी, दीपाटोली, रानी बगान, चूना भट्ठा और आसपास के क्षेत्रों में दो घंटे बिजली बंद रहेगी।
आगे क्या- कल रांची सहित सात जिलों में ओला और वज्रपात की चेतावनी
माैसम केंद्र के अनुसार 18 फरवरी काे रांची सहित 9 जिलों में ओला और वज्रपात की संभावना है। रांची, चतरा, पलामू, हजारीबाग, लाेहरदगा, खूंटी, प. सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, तथा सरायकेला खरसावां में ओला और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। 20 फरवरी से माैसम साफ हाे जाएगा। आसमान साफ रहने के साथ अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज हाेगी।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें