डेथ ऑडिट:सरकारी आंकड़ा- सेकेंड वेव में कुल 640 मौतें सरकारी, जांच- टीएमएच में 700 की गई जान : जमशेदपुर
कोविड के दूसरे लहर में पॉजिटिव मरीजों की मौत का ऑडिट प्रशासन ने शनिवार से शुरू कर दिया है। दूसरे लहर (21 मार्च 2021 के बाद) में सरकारी आंकड़ों के अनुसार कुल 640 कोरोना संक्रमितों की जान गई है। जबकि शनिवार को हुई जांच में पता चला कि सिर्फ टीएमएच में ही 700 लोगों की मौत हुई है। जिले के सभी कोविड अस्पताल में मरीजों की मौत का ऑडिट किया जाएगा। एसडीओ नीतीश कुमार सिंह की अगुवाई में डॉक्टरों का दल ऑडिट करने के लिए टीएमएच पहुंचा था।
टीम में एसडीओ नीतीश कुमार सिंह, जमशेदपुर सीओ अमित कुमार श्रीवास्तव, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर चंचला कुमारी, डॉ असद व डॉ. सुमन, डॉ साहिर पाल थे। पीपीई किट पहन टीम ने कोविड वार्ड में भर्ती 45 मरीजों का हाल जाना। ऑडिट में टीएमएच मेें मृत मरीजों के इलाज से संबंधित कागजात भी लिए।
इससे पता लगाया जाएगा कि कोरोना से जिनकी मौत हुई है वो कैसे रोग से ग्रसित थे। कोरोना पॉजिटिव पाने के पूर्व में क्या उन्हें गंभीर बीमारी थी। अगर बीमारी थी तो किस स्टेज में थे व इलाज के दौरान डॉक्टरों ने किस-किस दवा व इंजेक्शन का उपयोग किया। ऑडिट में इसका भी आकलन होगा कि मृतकों में किस-किस आयु वर्ग के कितने व्यक्ति शामिल हैं।
प्रशासन सिर्फ पूर्वी सिंहभूम जिले के मरीजों का ही आकलन कर रहा है। ऑडिट में यह पता लगाया जाएगा कि किस-किस क्षेत्र में रहने वाले कितने मरीजों की मौत हुई है। उसके बाद मृतकों के परिजनों से इंसिडेंट कमांडर मौत की जानकारी हासिल करेंगे।
इलाज से संबंधित कागजात का करेंगे आकलन- एसडीओ
टीएमएच में 21 मार्च के बाद पूर्वी सिंहभूम जिले के 700 लोगों की मौत प्रारंभिक ऑडिट में सामने आई है। ऑडिट में मरीजों के इलाज से संबंधित कागजात का आकलन किया जाएगा। टीम इसका आकलन कर डीसी को रिपोर्ट सौंपेगी।
-नीतीश कुमार सिंह, एसडीओ


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें