मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति पर हमला:मोहम्मद नशीद बम धमाके में घायल, घर के बाहर गाड़ी में बैठते वक्त बनाया गया निशाना माले - AKB NEWS

मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति पर हमला:मोहम्मद नशीद बम धमाके में घायल, घर के बाहर गाड़ी में बैठते वक्त बनाया गया निशाना माले


 मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति और वर्तमान में पार्लियामेंट स्पीकर मोहम्मद नशीद एक बम धमाके में घायल हो गए। घटना के वक्त नशीद अपने घर से निकलकर गाड़ी में बैठ रहे थे, इसी दौरान गाड़ी के पास ब्लास्ट हुआ। नशीद के सिर और पेट में काफी जख्म हैं। उन्हें फौरन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां खबर लिखे जाने तक उनकी हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इसे साफ तौर पर आतंकी हमला माना है।

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नशीद पर हुए हमले पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा- हम इस खबर को सुनकर फिक्रमंद हैं। उम्मीद करते हैं कि नशीद जल्द स्वस्थ हो जाएंगे।

बड़ा था धमाका
‘अल जजीरा’ वेबसाइट के मुताबिक, नशीद की कार के पास हुआ धमाका काफी बड़ा था। नशीद खुशकिस्मत रहे कि धमाका जिस वक्त हुआ वे अपनी गाड़ी से कुछ दूर थे। धमाके में उनका एक बॉडीगार्ड भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। नशीद को फौरन राजधानी माले के सबसे बड़े हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। नशीद ने कुछ दिनों पहले कहा था कि उनके देश में अलकायदा और इस्लामिक स्टेट जैसे आतंकी संगठन पैर पसारने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें कुछ स्थानीय लोगों का साथ मिल रहा है।

नशीद के दौर में भारत और मालदीव के बहुत मजबूत रिश्ते थे, हालांकि बाद में दूसरी पार्टियां सत्ता में आईं और उनका झुकाव चीन की तरफ होने लगा।

विदेश मंत्री ने कहा- यह आतंकी साजिश
घटना के बाद मालदीव की राजधानी में सुरक्षा बलों को हाईअलर्ट पर रखा गया है। विदेश मंत्री अबदुल्ला शाहिद ने कहा- नशीद के घर के बाहर ब्लास्ट हुआ है। इसमें वे घायल हुए हैं। फिलहाल, उनकी हालत स्थिर है। इससे ज्यादा जानकारी मैं नहीं दे सकता। इसमें कोई दो राय नहीं कि यह आतंकी हमला है। हमारी सुरक्षा एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं। मैं बस इतना कहना चाहूंगा कि इस कायराना हमले के दोषियों को हम किसी कीमत पर बख्शेंगे नहीं।

IED होने का शक
जांच एजेंसी के एक अफसर ने कहा- पहली नजर में यह IED ब्लास्ट लगता है। इसे किसी रिमोट से कंट्रोल किया गया। नशीद की कार के पास एक बाइक में यह प्लांट किया गया था। नशीद ने पहली बार 2008 में सरकार बनाई थी। 2012 में तख्तापलट के बाद उन्हें सत्ता छोड़नी पड़ी। इसके बाद उन्होंने देश छोड़ दिया। 2018 में हुए चुनाव में उनकी पार्टी को जीत मिली।

Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads