नई गाइडलाइन:कोविशील्ड का दो डोज लेने वाले ही जा पाएंगे हज पर, सेंट्रल हज कमेटी ने रिपोर्ट अपलोड करने का दिया निर्देश : रांची
मुकद्दस सफर हज पर उन्हीं लोगों को जाने की इजाजत मिलेगी, जिन्होंने कोविशील्ड वैक्सीन का दोनों डोज लिया है। ऐसा सउदी अरब सरकार की हज 2021 की हेल्थ गाइडलाइन के कारण जरूरी है। इस बार 18 से 60 वर्ष के बीच के लोगों को ही हज पर जाने की अनुमति दी गई है। गाइडलाइन के अनुसार पिछले छह माह में बीमारी के कारण हॉस्पिटल में एडमिट होने वाले भी हज में शामिल नहीं हो पाएंगे।
सभी हज यात्री को मेडिकल सर्टिफिकेट देना होगा। इधर, सउदी सरकार के आदेश के अनुसार सेंट्रल हज कमेटी इंडिया ने सभी यात्रियों से कहा है कि वे कोविशील्ड वैक्सीन का दोनों डोज लेने से संबंधित प्रमाण पत्र अपलोड करें। कमेटी के सीईओ डॉ. मकसूद अहमद खान ने कहा है कि एक सप्ताह के अंदर भारत को कितना कोटा मिलेगा, यह स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
हज यात्रा में कोवैक्सीन लेने वालों को मुश्किल
हज यात्रा के लिए सउदी गाइडलाइन में वैक्सीन लगवाना जरूरी है, लेकिन गाइडलाइन में को-वैक्सीन को मान्यता नहीं दी गई है। ऐसे में सिर्फ कोविशील्ड की दो खुराक लेना जरूरी है। ऐसे में जिन आवेदकों ने कोवैक्सीन लगवाई है, उनका जाना मुश्किल है। सउदी अरब सरकार में चार अप्रूव वैक्सीन हैं। इसमें फाइजर, एस्ट्राजेनेका, मॉडर्ना और जॉनसन एंड जॉनसन की वैक्सीन शामिल है। अप्रूव वैक्सीन का दोनों डोज जिन्होंने लिया है, वही हज में जा सकते हैं।
राज्य हज कमेटी ने वैक्सीन दिलाने के लिए चलाया अभियान
झारखंड राज्य हज कमेटी हज यात्रियों को वैक्सीन दिलाने के लिए अभियान चलाएगी। कमेटी के अध्यक्ष सह विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि इसके लिए एक बैठक होगी। इसके बाद वैक्सिनेशन का काम तेज करने का प्रयास किया जाएगा।
झारखंड से जाने वालों का महंगा होगा हज का सफर
झारखंड से हज में जाने वालों का 3.69 लाख रुपए खर्च का अनुमान सेंट्रल हज कमेटी ने लगाया था। लेकिन कोरोना की दूसरी लहर से उत्पन्न हुई स्थिति और सीमित संख्या में सउदी सरकार द्वारा हज की इजाजत दिए जाने से हाजियों के खर्च में भी इजाफा होगा।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें