टाटा स्टील परिसर में ठेका मजदूर को रात में हुआ पेट दर्द, सुबह में मृत मिला, वोल्टास के सब वेंडर माॅडर्न कंस्ट्रक्शन के अंदर कार्यरत था मजदूर
टाटा स्टील के कंपनी परिसर में गुरुवार रात 11.50 बजे एक 48 वर्षीय ठेका मजदूर अब्दुल हाफिज को पेट में दर्द हुआ और सुबह में मौत हो गई। मजदूर की शिकायत पर साइट पर मौजूद डाॅक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया तो उसे राहत मिली है और सो गया, लेकिन सुबह सात बजे सहयोगियों ने उठाया तो वह नहीं उठा। डाॅक्टरों ने दोबारा जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। टाटा स्टील के प्रवक्ता की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि मृत मजदूर कंपनी के लिए काम करने वाली मेसर्स वोल्टास लिमिटेड के सब वेंडर माॅडर्न कंस्ट्रक्शन कंपनी के लिए कार्य करता था।
यह वेंडर सीआरएम प्लांट के समीप चिलिंग यूनिट में काम कर रही है जहां 17 सितंबर को रात करीब 11 बजकर 50 मिनट पर वह प्लांट के ही क्लीनिक में पेट दर्द की शिकायत लेकर गया था। वहां प्राथमिक चिकित्सा दी गई। इसके बाद वह सोने चला गया। इस दौरान वह किसी से नहीं मिला। वह सुबह सात बजे मृत हालत में प्लांट के समीप ही पाया गया। डाॅक्टरों की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। कंपनी की ओर से जांच की जा रही है।
परसुडीह- यूथ इंटक नेता राजीव पांडे पर जानलेवा हमला
यूथ इंटक नेता राजीव पांडे पर गुरुवार रात परसुडीह थाना क्षेत्र के सारजामदा के निधिर टोला के पास जानलेवा हमला हुआ। हमले में राजीव के सिर और पीठ में काफी चोट लगी है। चोटिल राजीव को राहगीरों ने सदर अस्पताल, खासमहल ले जाकर इलाज कराया। इसके बाद उन्होंने परसुडीह थाना में शिकायत की है। फिलहाल वो ठीक है। परसुडीह थाना में दी गई शिकायत में राजीव ने कहा - सारजामदा के निधिर टोला होकर मैं अपने घर जा रहा था। टोले के पास 6 लोगों ने मुझे रोका। गाली-गलौज करते हुए सुखविन्दर सिंह, जगदीश सिंह, रीत सिंह, सेवा सिंह और राजू शर्मा ने मारपीट शुरू कर दी। धारदार हथियार से हमले के कारण मुझे काफी चोट लगी। इस दौरान आरोपियों ने सोने की चेन व एक हजार रुपए नकद छीन लिए।
आजादनगर- डकैती का विरोध करने पर युवक को पीटा
आजादनगर थाना अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड वेस्ट में रहने वाले खालिद अंसारी के साथ मारपीट की घटना घटी। गुरुवार की रात करीब 11 बजे तीन से चार युवक उसके घर में डकैती करने के नीयत से घुसे थे। इस दौरान युवकाेें ने कान की बाली और पांच हजार रुपए उठा लिए। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। सभी उसके घर में बेस बैट, राॅड और पिस्तौल लेकर आए थे। आरोपियों ने उसके पास भी रखे पैसों की छिनतई कर ली। उसके साथ मारपीट करने के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। खालिद ने मामले की लिखित शिकायत थाना में की है।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें