गढ़वा से बसों का परिचालन शुरू, पर सैनिटाइज करने की व्यवस्था नहीं... बस पर बैठने से पहले यात्रियों की नहीं हो रही है थर्मल स्कैनिंग
बस संचालक के द्वारा झारखंड सरकार के गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन नहीं किया जा रहा है। यहां न तो वाहन में प्रवेश के पूर्व यात्रियों का थर्मल स्कैनिंग की जा रही है और न ही यात्रियों से संबंधित विवरण लिखा जा रहा है। वहीं यात्रियों को सीट पर बैठने से पूर्व सीट को सेनेटाइज भी नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा पूरी बस को सोडियम हाइपोक्लोराइड जैसी रसायन से डिस-इन्फेक्ट भी नहीं किया जा रहा है। वाहन में सवार यात्री फेस मास्क तो लगा रहे हैं, लेकिन वे ग्लब्स का प्रयोग नहीं कर रहे हैं।
इसके अलावे बस स्टॉफो में बस चालक व कंडक्टर फेस शील्ड का भी प्रयोग नहीं कर रहे हैं। इस संबंध में जयहिंद बस के स्टॉफ विनोद चौबे ने कहा कि यात्रियों का थर्मल स्कैनिंग करने को लेकर मशीन मंगाए हैं। जल्द ही यात्रियों के लिए यह सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। यात्रियों से सम्बन्धित विवरण लिखने के संबंध में उन्होंने कहा कि वे आज से ही बसों का परिचालन शुरू किए हैं। बसों में यात्री को बैठने के बाद यात्रियों से संबंधित विवरण लिख लिया जाएगा।
झारखंड सरकार ने बस परिचालन को लेकर कई नियम जारी किया है। जारी किए गए नियम के अनुसार किसी कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति को बस में यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे लोग भी बस में यात्रा नहीं कर पाएंगे। जिनका सैंपल कोरोना जांच के लिए लिया गया हो। कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही वह सार्वजनिक परिवहन सेवा का लाभ ले सकेंगे। बस में यात्रा करने वालों के लिए मास्क या फेस कवर व ग्लव्स लगाना अनिवार्य होगा। लोग फेस शील्ड भी लगा सकते हैं। ड्राइवर व कंडक्टर के लिए मास्क के साथ फेस शील्ड पहनना अनिवार्य है। बस में यात्रियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। चढ़ते समय, उतरते समय या बैठते समय भी उन्हें सामाजिक दूरी का ख्याल रखना होगा। झारखंड सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि बसें उन रूटों पर ही चलेंगी, जिसका उन्हें परमिट मिला हुआ है। जहां ठहरने की व्यवस्था है, वहीं पर बस ठहरेंगी। इन नियमों का पालन नहीं करने पर डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, बस मालिकों से कहा गया है कि वे थर्मल स्कैनर से यात्रियों के तापमान की जांच की व्यवस्था भी करें। सामान्य से अधिक तापमान वाले लोगों को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें