नवंबर में 2 और दिसंबर में सिर्फ 5 दिन शादियों के मुहूर्त 11 दिसंबर के बाद अप्रैल में आएंगे विवाद के लिए शुभ दिन
हिंदी पंचांग का आठवां महीना कार्तिक रविवार से शुरू हो गया है। इस माह में करवा चौथ के बाद दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा जैसे पर्व मनाए जाएंगे। 4 नवंबर को महिलाओं का महापर्व करवा चौथ है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखद भविष्य की कामना से निर्जला व्रत करती हैं। 7 और 8 नवंबर को पुष्य नक्षत्र रहेगा। इन दिनों में खरीदारी करने का विशेष महत्व है।
पुष्य नक्षत्र में सोना-चांदी, वाहन, सुख-सुविधा की अन्य जरूरी चीजें खरीदी जा सकती है। 12 नवंबर को धनतेरस के साथ दीपोत्सव शुरू हो रहा है। 14 को दीपावली मनाया जाएगा। इसके साथ ही इस वर्ष के अंतिम दो महीने नवंबर और दिसंबर में विवाह का कम मुहूर्त हैं। 25 नवंबर को देवउठनी एकादशी है। इस दिन विवाह आदि शुभ कर्म फिर से शुरू हो जाएंगे। इसके बाद 11 दिसंबर तक ही विवाह के लिए शुभ मुहूर्त रहेंगे।
अगले साल 14 जनवरी तक खरमास
पंडित रमेशचंद्र उपाध्याय शास्त्री के अनुसार इस साल 15 दिसंबर को सूर्य के धनु राशि में आ जाने से खरमास शुरू हो जाएगा। जो कि अगले साल 14 जनवरी तक रहेगा। खरमास में विवाह के लिए मुहूर्त नहीं होते हैं। इसके बाद 19 जनवरी को गुरु तारा अस्त हो जाएगा और 16 फरवरी तक अस्त ही रहेगा। इस दौरान भी विवाह के लिए मुहूर्त नहीं रहेंगे। फिर 16 फरवरी से 17 अप्रैल तक शुक्र तारा अस्त रहेगा। इस कारण 11 दिसंबर के बाद 22 अप्रैल को पहला मुहूर्त रहेगा।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें