आम लोगों को राहत देने वाली काम की 3 खबरें; शुरू होगा 12 बेड का एसएनसीयू, पेंशन धारकों को होगी सुविधा, बिजली निगम के जीएम बोले
सदर में गंभीर स्थिति वाले नवजातों का होगा इलाज
गंभीर स्थिति वाले नवजात बच्चाें के इलाज के लिए सदर अस्पताल में जल्द ही 12 बेड का एसएनसीयू (सिक न्यूबाॅर्न केयर यूनिट) की शुरुआत हाेगी। इसके लिए सक्शन मशीन, ऑक्सीजन कंसेनटेरेटर, इसीजी, रेडियंट वार्मर सहित कई मशीनें सदर काे मिल चुकी हैं। सदर के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट डाॅ. सव्यसाची मंडल ने बताया कि रिम्स के बाद रांची में यह दूसरा एसएनसीयू हाेगा। सदर में राेजाना 24-26 बच्चाें का जन्म हाेता है। ऐसे में जिन बच्चाें की स्थिति गंभीर हाेती है, उन्हें रिम्स या अन्य अस्पताल भेजना पड़ता है। इससे बच्चे के परिजनाें काे बहुत परेशानी हाेती है। यह यूनिट सदर के फर्स्ट फ्लाेर में बन रही है।
जीवन प्रमाण पत्र अब कभी कर सकते हैं जमा
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के पेंशन धारक अब साल में कभी भी अपना जीवन प्रमाण पत्र इपीएफओ ऑफिस या बैंकों में जमा कर सकते हैं। पेंशन के लिए हर साल नवंबर माह में जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की बाध्यता कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने खत्म कर दी है। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त विकास आनंद ने बताया कि भीड़ को रोकने के लिए यह प्रावधान किया गया है। प्रमाण पत्र की अवधि जमा कराने के दिन से 1 वर्ष के लिए मान्य होती है। देशभर में तीन लाख सामान्य सेवा केंद्रों-सीएससी को जीवन प्रमाण पत्र बनाने के लिए अधिकृत किया गया है। पेंशन धारक कहीं से भी जीवन प्रमाण पत्र बनवाकर जमा कर सकते हैं।
मेंटेनेंस के लिए 13 से 22 तक नहीं कटेगी बिजली
दीपावली से छठ तक (13 से 22 नवंबर) रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा एवं लोहरदगा में मेंटेनेंस के नाम पर देर तक बिजली नहीं कटेगी। इस दौरान बिजली योजना से संबंधित कार्य नहीं होगा। केवल अति आवश्यक कार्य फ्यूज कॉल के लिए ही सुबह में 11 बजे से 11.15 बजे तक व रात में 10 बजे से 10.15 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। रांची एरिया बोर्ड बिजली निगम के जीएम पीके श्रीवास्तव ने बुधवार को बैठक में यह निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दिवाली के पहले रांची एरिया बोर्ड के संबंधित जिलों में खराब ट्रांसफॉर्मर बदले जाएंगे। उन्होंने बिजली बिलिंग एजेंसी फ्लूएंट ग्रिड को बिलिंग सिस्टम सुधारने का निर्देश दिया।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें