ठेकेदार की मौत मामले में 3 पर हत्या का नामजद केस
हरमू कॉलोनी स्थित सी-55 में रहनेवाले ठेकेदार अरविंद सिंह (49) की गढ़वा जिले के भवनाथपुर में गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में भवनाथपुर थाने में तीन लोगों के विरुद्ध हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इनमें मोरहाबादी निवासी धनंजय सिंह, कुज्जू के सीसीएलकर्मी अवधबिहारी सिंह और रामगढ़ निवासी विनय सिंह शामिल हैं।
इन सभी पर षड्यंत्र के तहत अरविंद की हत्या करने का आरोप है। इन पर आईपीसी की धारा 302, 201, 120बी, 34 और 27 आर्म्स एक्ट के तह मामला दर्ज किया गया है।
प्राथमिकी पांकी, पलामू के नीमचक निवासी व अरविंद सिंह के रिश्तेदार अभय कुमार चौहान ने दर्ज कराई है। प्राथमिकी में बताया गया है कि 9 दिसंबर की रात 11.30 बजे नीलू सिंह के गेस्ट हाउस में आयोजित शादी कार्यक्रम में गोली चली, जिससे अरविंद सिंह की मौत हो गई थी। इधर, शुक्रवार को अरविंद सिंह का अंतिम संस्कार हरमू मुक्तिधाम में किया गया।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें