बंद बेअसर, भाजपा के प्रयास से हाट पहले की तरह ही लगा
भारत बंद के दौरान ठेठईटांगर में कांग्रेस और झामुमो के कार्यकर्ताओं ने एनएच 143 में ट्रकों और अन्य वाहनों का आवागमन रुकवा दिया। ओडिशा सीमा से अंबापानी होकर आने वाले वाहनों को भी रोका जा रहा था।
वहीं प्रखंड में साप्ताहिक हाट खुला रहा और आम दिनों की तरह वहां कारोबार हुआ।
प्रखंड मुख्यालय में दुकानें खुली रहीं। बंद कराने में झामुमो नेता बसंत लोंगा, कांग्रेस के प्रदीप केसरी, फ्रांसिस बिलुंग, मो कयूम, हाशिम और महिला संगठनों को सड़कों पर देखा गया।
इधर भाजपा के सांसद प्रतिनिधि नरेंद्र बड़ाईक ने कहा कि भाजपा के प्रयास से साप्ताहिक हाट पहले की तरह ही लगाया गया।केरसई में बंद बेअसर रहा। प्रखंड मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में दुकानें खुली रहीं। लोगों ने आम दिनों की तरह खरीदारी की।
भारत बंद का कोई असर नहीं दिखा। बोलबा में भी कृषि सुधार विधेयक के विरोध में आहूत भारत बंद बेअसर रहा। साप्ताहिक हाट में आम दिनों की तरह दुकानें खुलीं। लोगों की दिनचर्या सामान्य रही। कांग्रेस और झामुमो के कार्यकर्ता सड़क पर नहीं दिखे।
बानो में भारत बंद का मिलाजुला असर रहा। दिन के 11 बजे के बाद कांग्रेस और झामुमो के सदस्यों ने लोगों से दुकानें बंद करने का आग्रह किया। 11 से 3 बजे तक अधिकतर दुकानें बंद रहीं। यात्री बसों का परिचालन नहीं हुआ।
ऑटो का परिचालन सामान्य तरीके से होता रहा। झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष नियरजन जोजोवार, उपसचिव मनीर खान, मीडिया प्रभारी विदेशिया बड़ाईक, कांग्रेस के तनवीर आलम, जिला महासचिव अजीत कंडुलना, खलील आदि बंद कराने के लिए सड़कों पर उतरे।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें