रात होते ही प्लांट के कर्मचारियों को बंधक बना लूटने का किया प्रयास
ब्लॉक दो क्षेत्र के माटीगढ़ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का सोमवार की सुबह डीपी पीवीकेआर मल्लिकार्जुन राव ने दौरा कर सुरक्षा का जायजा लिया। वहीं रात होते ही हथियार से लैस अपराधियों ने कंपनी के दो सुरक्षा गार्डाें सहित चार लोगों को बंधक बनाकर लौह सामग्री लूटने का प्रयास किया।
हालांकि सूचना मिलते मौके पर पहुंचे सीआईएसएफ के जवानों ने अपराधियों को खदेड़ दिया। जवानों ने कमरे में बंद शशिधर रजक, बबलू बाउरी और बीसीसीएल के सुरक्षा प्रहरी तथा पंप ऑपरेटर भीम रवानी व दिनानाथ महतो को मुक्त कराया। घटना के बाद से कर्मियों में भय का माहौल है। इधर, जानकारी पाकर बाघमारा पुलिस भी घटन स्थल पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही मामला शांत हो गया।
फिलहाल घटना को लेकर पुलिस से किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं की गई है।
टूटी हुई चाहरदीवारी से प्लांट के अंदर घुसे अपराधी
बंधक बने पंप ऑपरेटर भीम रवानी ने बताया कि रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे मोटर चालू कर लौट रहे थे। तभी टूटी हुई चहारदीवारी के रास्ते अपराधी प्लांट के अंदर प्रवेश कर गए। अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर कब्जे में ले लिया। इसके बाद सहकर्मी दीनानाथ तथा दोनों सुरक्षा प्रहरियों को भी कब्जे में लेकर स्टोर रूम में बंद कर दिया। तभी मौका पाकर अपने मोबाइल से घटना की जानकारी फोरमैन राजकुमार सिंह को दी।
जिसके बाद बल के क्यूआरटी पार्टी तुरंत घटना स्थल पहुंच गए। इस संबंध में प्रभारी थाना इंचार्ज मानस कुमार साधू ने कहा कि घटना को लेकर किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें