गाेलीकांड में रिकवरी एजेंट की जमानत पर सुनवाई आज
जमीन विवाद में अपनी चाची व चचेरे भाईयों पर गोली चलाने के मामले में आरोपी रिकवरी एजेंट उपेंद्र सिंह की जमानत पर बुधवार को सुनवाई होगी। आरोपी उपेंद्र सिंह की ओर से सीजेएम की अदालत में जमानत याचिका फाइल की गई है।
पुलिस ने उपेंद्र सिंह को गिरिडीह जिले के इसरी, पारसनाथ से 3 दिसंबर 2020 को गिरफ्तार किया था। उपेंद्र सिंह के खिलाफ चचेरे भाई सिंटू सिंह ने 16 अक्टूबर 2020 को बैंकमोड़ थाने में मुकदमा दायर किया था। जिसमें सिंटू सिंह ने उपेंद्र सिंह पर मां मीरा देवी व भाई पिंटू सिंह पर गोली चलाने का आरोप लगाया था। बता दें कि इसी केस में उपेंद्र सिंह के पिता मारकंडे सिंह और मां शांति देवी की जमानत सीजेएम कोर्ट ने खारिज कर दी थी। मारकंडे सिंह व शांति देवी 16 अक्टूबर से न्यायिक हिरासत में हैं।
न्यायिक कार्य से अलग रह वकीलों ने दी श्रद्धांजलि
स्टेट बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन प्रेमचंद त्रिपाठी के निधन पर धनबाद बार के अधिवक्ताओं ने एक दिन के लिए न्यायिक कार्य से अलग रहकर श्रद्धांजलि दी। अधिवक्ताओं ने न्यायालय के कार्य में हिस्सा नहीं लिया। बार एसोसिएशन की ओर से शोक सभा का आयाेजन किया गया था।
शोक सभा में दिवंगत अधिवक्ता व गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद राजकिशोर महतो, पूर्व चेयरमैन प्रेमचंद त्रिपाठी व पीसी मंडल को श्रद्धांजलि दी गई। माैके पर बार अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी, सचिव देवीशरण सिन्हा, भागीरथ राय, सत्यवान सिंह, लोपामुद्रा, सुबोध केशरी, अमित सिंह, ब्रजकिशोर कर्ण, सहदेव महतो, पीके भट्टाचार्या, मुकुल तिवारी, पीसी महतो, शंकर महतो, मोहन महतो, कामेश्वर सिंह आदि माैजूद थे।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें