आदेश के बावजूद स्कूलों में लागू नहीं हुआ नया सिलेबस
(सुरेन्द्र सावंत) कोविड-19 महामारी के बाद हुए लॉकडाउन के दौरान स्कूल बंद रहे, जिसकी वजह से किसी भी क्लास के बच्चों को सिलेबस पूरा नहीं हुआ। इसलिए पहले डीजी साथ कार्यक्रम की शुरूआत की गई, लेकिन ऐसे में लगभग 70 प्रतिशत बच्चों तक डिजिटल पहुंच नहीं हाेने के कारण वे पढ़ाई नहीं कर पाए।
वैसे बच्चों का अधिगम सुनिश्चित करने करने के लिए नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक का वितरण किया गया। उसके बाद सरकार के निर्देशानुसार शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए पाठयक्रम यानी सिलेबस को संक्षिप्त कराया गया और जेसीईआरटी की ओर से पाठयक्रम पुनरावृति सह आच्छादन कैलेंडर तैयार किया गया।
नए पाठ्यक्रम के अनुसार साप्ताहिक कार्ययोजना का निर्माण किया गया। यह कैलेंडर 12 सप्ताह के लिए तैयार किया गया है, जिसे 7 दिसंबर से अनिवार्य रूप से लागू करने का आदेश जारी किया गया, लेकिन बोकारो में अभी तक इसे लागू नहीं किया जा सका है। इतना ही नहीं, नए सिलेबस की कॉपी सभी बच्चों और अभिभावकों के बीच वितरण भी करना था, जो कि नहीं हुआ।
बच्चों के सर्वांगीण विकास का रखा गया है ध्यान
नए सिलेबस के लिए जो शैक्षणिक कैलेंडर जारी किया गया। उसमें साप्ताहिक कार्य योजना का निर्माण किया गया है। साथ ही कैलेंडर में शारीरिक, सामाजिक एवं भावनात्मक क्रियाकलापों को भी सम्मिलित किया गया है।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें