फिर संवरेंगे गुमशुदा तालाब:गायब हुए तालाबों काे खाेजेगा निगम, डीसी से कहा; शहर के नदी- डैम से कब्जा हटाएं : रांची
- हिनू नदी का 82, कांके डैम के कैचमेंट एरिया काे 129 व बड़ा तालाब के किनारे 43 लाेगाें ने किया अतिक्रमण
- काेर्ट के आदेश के बाद नगर आयुक्त ने शहर के गायब हुए तालाबों काे खाेजने के लिए इंजीनियरों की कमेटी बना दी
झारखंड हाईकोर्ट ने रांची से गायब हुए तालाबों की सूची नगर निगम से मांगी है। दैनिक भास्कर ने गुरुवार के अंक में बताया था कि कैसे रांची के ऐतिहासिक तालाब गायब हाे गए। काेर्ट ने भी निगम के अधिकारियों से गायब हुए तालाबों की सूची मांगी है। इसके लिए सैटेलाइट सर्वे कराने का आदेश भी दिया है। काेर्ट के आदेश के बाद नगर आयुक्त ने शहर के गायब हुए तालाबों काे खाेजने के लिए इंजीनियरों की कमेटी बना दी है।
हिनू नदी का सर्वे कर रही टीम काे ही विभिन्न वार्डों में स्थित तालाबों का सर्वे करके एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। इसके अलावा हिनू नदी सहित अन्य जल स्त्रोत से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर आयुक्त ने डीसी काे पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि हिनू नदी के किनारे कुल 82 अतिक्रमणकारी चिन्हित किए गए हैं। इसे हटाने की कार्रवाई करें। निगम के अनुसार बड़ा तालाब के आसपास 43,कांके डैम के कैचमेंट एरिया में 129 लाेगाें ने अतिक्रमण किया है। ऐसे अतिक्रमणकारियों पर भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
नगर आयुक्त ने कहा-अतिक्रमण भी हटाएंगे, तालाब काे जिंदा भी करेंगे
दैनिक भास्कर की टीम द्वारा ऐतिहासिक तालाब काे खाेजकर निकालने के बाद नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने तालाबों काे पुन: जीवन देने की बात कही है। उन्होंने बताया कि पहले फेज में तालाबों का सर्वे हाेने के बाद यह देखा जाएगा कि कहां-कहां अतिक्रमण है। जितने भी सरकारी तालाब वहां किसी के द्वारा अतिक्रमण किया गया हाे उसे हटाएंगे। ऐतिहासिक तालाब काे जिंदा भी करेंगे। इसके लिए सभी तालाबों का डीपीआर बनेगा, ताकि तालाबों का सौंदर्यीकरण कराया जा सके।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें