जमशेदपुर में 5 माैतें; डीएसपी सहित 35 नए पाॅजिटिव, पहली बार एक दिन में 55 डिस्चार्ज
पूर्वी सिंहभूम में शनिवार काे काेराेना के 35 नए मरीज मिले। इनमें शहर के एक डीएसपी और उनके ऑफिस के 6 कर्मचारी शामिल हैं। कुल पाॅजिटिव की संख्या 1294 पहुंच गई है। वहीं 5 मरीजाें की माैत हाे गई। मृतकाें में टीएमएच में भर्ती कदमा की महिला (45 साल), मानगाे आजादनगर की महिला (53 साल),
बागबेड़ा का पुरुष (60 साल) व सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर का बिजली मिस्त्री (51 साल), शामिल है। जबकि गाेलमुरी निवासी 54 साल के व्यक्ति की माैत एमजीएम में हुई। जिले के लिए राहत की खबर यह है कि संक्रमण के 75वें दिन पहली बार 58 मरीज एक साथ ठीक होकर घर गए। इस तरह अब तक कुल 586 लाेग कोरोना को मात दे चुके हैं। एक्टिव केस की संख्या 687 है।
संसाधन पर्याप्त, वेंटिलेटर भी उपलब्ध : टीएमएच जीएम
टीएमएच के जीएम डाॅ. राजन चौधरी ने कहा कि 15 अगस्त के बाद जमशेदपुर में कोरोना संक्रमण के पिक पर पहुंचने का अनुमान है। वहीं, अगस्त के पहले सप्ताह में टीएमएच में प्लाजमा थेरेपी की शुरूआत हो जाएगी। आईसीएमआर से अनुमति मांगी गई है। जीएम शनिवार को टाटा स्टील के काॅरपोरेट कम्युनिकेशन की ओर से आयोजित टेली काॅन्फ्रेंसिंग में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे।
मौके पर टाटा स्टील के काॅरपोरेट कम्युनिकेशन के चीफ कुलविन सुरी और हेड रुना राजीव कुमार भी मौजूद थीं। जीएम ने बताया कि जमशेदपुर के हालात और गंभीर होंगे। यह देखा गया है कि उच्च स्तर पर कोरोना वायरस फैलता है और फिर नीचे आता है। यह स्थिति अब जमशेदपुर की होने वाली है। लोगों को और सचेत रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमारे पास संसाधन, डाॅक्टर व पारा मेडिकल स्टाफ की कमी नहीं है। वेंटिलेटर भी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध है।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें