अगस्त से भूली में 50, जामाडाेबा में 25 बेड के आइसोलेशन सेंटर शुरू करने की तैयारी
काेराेना वायरस के बढ़ते संक्रमण काे जिले में मरीजाें के लिए बेडाें की संख्या बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने अपने माइक्राे एक्शन प्लान के तहत भूली स्थित बीसीसीएल के क्षेत्रीय अस्पताल और टाटा के जामाडाेबा अस्पताल में इस सिलसिले में तैयारियां तेज कर दी हैं।
भूली में जहां 50 बेड का आइसोलेशन सेंटर बनाया जाना है, वहीं जामाडाेबा अस्पताल में बननेवाले सेंटर में बेडाें की संख्या 25 हाेगी। जामाडाेबा अस्पताल में 5 बेड महिलाओं के लिए आरक्षित रखे जाएंगे। जिला प्रशासन की टीम ने रविवार काे भूली क्षेत्रीय अस्पताल जाकर उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनाें का जायजा लिया। इस टीम में डीडीसी दशरथ कुमार दास, एसडीएम राज महेश्वरम, सिविल सर्जन गोपाल दास शामिल थे।
बीसीसीएल के जीएम एडमिनिस्ट्रेशन संतोष सिन्हा, जीएम सिविल और अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। उन्हाेंने वहां चल रहे सिविल वर्क का निरीक्षण किया। सिविल सर्जन ने अस्पताल में मरीजों के रहने की व्यवस्था, डॉक्टराें और नर्सों के केबिन, शौचालय आदि की जानकारी ली।
उन्होंने बीसीसीएल के जीएम एडमिनिस्ट्रेशन से कहा कि 2 दिनों में सिविल वर्क पूरा कराके मरीजों और डॉक्टर के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध करा दें। डीडीसी दशरथ कुमार दास ने बताया कि अगस्त की शुरुआत के साथ ही भूली क्षेत्रीय अस्पताल में कोविड-19 अस्पताल और आइसाेलेशन सेंटर को फंक्शनल कर दिया जाएगा। इसमें कोरोना संक्रमित मरीजों के बेहतर इलाज की व्यवस्था हाेगी।
जामाडाेबा में हाेगा झरिया क्षेत्र के संक्रमिताें का इलाज
जिला प्रशासन की टीम ने रविवार काे टाटा जामाडोबा अस्पताल का भी निरीक्षण किया। इस टीम में एसी श्याम नारायण राम, एसडीओ राज महेश्वरम, झरिया के सीओ राजेश कुमार शामिल थे। सीओ ने कहा कि अगस्त से अगर झरिया विधानसभा क्षेत्र में काेई काेराेना संक्रमित पाया जाता है, तो उनका इलाज जामाडाेबा के सेंटर में ही किया जाएगा।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें