पीएलएफआई उग्रवादी के इशारे पर चलाई थी गोली, 5 शूटर गिरफ्तार
पंडरा थाना क्षेत्र स्थित रवि स्टील के समीप बसंत विहार कॉलोनी में 20 अगस्त की रात जमीन विवाद में पीएलएफआई उग्रवादी गोवर्धन के इशारे पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने शनिवार को पांच शूटरों को गिरफ्तार किया है। इनमें काठीटाड़ निवासी सुनील उरांव उर्फ टैडी, कमड़े देवी मंडप का टोनी लोहरा उर्फ डीडा, पंडरा थाना क्षेत्र का राकेश कुमार उर्फ रॉकी, शनि मंदिर के पास रहने वाला रोहित कुमार झा और चटकपुर निवासी सावन तिर्की उर्फ लोहा शामिल हैं।
पुलिस ने शूटर सावन तिर्की के पास से एक देसी कट्टा, एक पिस्टल और 7 गोलियां बरामद की हैं। सिटी एसपी सौरभ ने बताया कि पांचों शूटर 20 अगस्त की रात पीएलएफआई उग्रवादी गोवर्धन के कहने पर एसयूवी में सवार होकर बसंत विहार कॉलोनी में नीचे साइड गए थे। वहां कुछ लोगों से गोवर्धन का विवाद हो गया था, जिसके बाद सावन तिर्की ने गोली चलाई थी। गोवर्धन गुमला का रहने वाला है और रातू में किसी जमीन को लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद चल रहा है। जिस व्यक्ति पर गोली चलाई गई थी, उसकी भी अब तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस गोवर्धन की तलाश कर रही है।
जवान से हाथ छुड़ाकर भाग रहे मुख्य शूटर को थानेदार ने पकड़ा
घटना के बाद थानेदार ने 20 अगस्त को सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाला और शूटरों के बारे में सुराग ढूंढा। थानेदार ने सबसे पहले रोहित कुमार झा को पंडरा स्थित शनि मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। रोहित की निशानदेही पर थानेदार शशि रंजन कुमार ने 21 अगस्त की रात मुख्य शूटर सावन तिर्की के घर पर दबिश दी और पलंग के नीचे से सावन को धर दबोचा। पुलिस जैसे ही सावन को लेकर उसके घर से बाहर निकली, तो वह जवान का हाथ को झटका देकर भागने लगा। हालांकि चंद कदमों की दूरी पर खड़े थानेदार शशि रंजन कुमार ने सावन को भागता देख धर दबोचा।
मुख्य सरगना गोवर्धन का गुमला में है आतंक
पुलिस गिरफ्त से दूर मुख्य सरगना गोवर्धन का गुमला में आतंक है। गोवर्धन के खिलाफ सिर्फ गुमला के अलग-अलग थानों में 9 मामले दर्ज हैं। वही रांची के मांडर थाना में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के मामले में एक प्राथमिकी दर्ज है। सिटी एसपी सौरभ ने बताया कि गोवर्धन का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
एक आईटीआई पास, दूसरे ने खोल रखी है दुकान
गिरफ्तार पांच शूटरों में से एक आईटीआई की पढ़ाई कर चुका है, तो दूसरे की दुकान है। शूटर सुनील उरांव आईटीआई करने के बाद गोवर्धन के संपर्क में आया और उसके इशारे पर आपराधिक घटनाओं का अंजाम देने लगा। वहीं राकेश अपनी दुकान की आड़ में घटनाओं का अंजाम देता था।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें