बोकारो में दो गुटों में भिड़ंत, इंस्पेक्टर का सिर फूटा, 6 घायल
चास तेलीडीह का दास टोला गुरुवार की रात दो पक्षों के टकराहट में रणक्षेत्र बन गया। प्रवचन सुन रहे लोग व मनसा मूर्ति विसर्जन के लोग आपस में भीड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट व पत्थरबाजी हुई। जिसमें दोनों पक्षों की ओर से लगभग आधा दर्जन लोग जख्मी हुए हैं। जिनका अलग-अलग नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। माहौल को शांत कराने पहुंचे चास थाने के दारोगा राधेश्याम इस घटना में गंभीर रूप से जख्मी हो गए। ईंट से उनका सिर फट गया, चार टांके लगाए गए हैं।
जब भीड़ समझाने से नहीं मानी तो पुलिस टीम ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ में शामिल उपद्रवियों को तितर-बितर कर मामले को शांत कराया। परन्तु घटना को लेकर दोनों पक्षों का आक्रोश उबाल पर था।
इसे देखते हुए चास थाना क्षेत्र के उक्त इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया, जो सुबह छह बजे तक रही। इधर, शुक्रवार को चास पुलिस ने उपद्रवियों को चिह्नित करते हुए 12 लोगों के खिलाफ हिंसक झड़प को अंजाम देने व फोर्स पर हमला करने का आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज की है। कार्रवाई करते हुए उनमे से दो आरोपी विमल दास व परमानंद दास को चास जेल भेज दिया है। जबकि अन्य आरोपियो की गिरफ्तारी में छापेमारी की जा रही है।
शांति को मोर्चाबंदी : आक्रोश को देखते हुए चास एसडीएम कुलदीप सिंह शेखावत, चास एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने दल-बल के साथ शांति बहाली के लिए शुक्रवार को मोर्चा संभाला। घटना में शामिल लोगों को बुलाकर बैठक की। समझा बुझाकर हालात पर काबू पाया। साथ ही हिदायत भी किया कि अगर विधि व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास हुआ तो कठोर कार्रवाई होगी।
सड़क अवरुद्ध कर प्रवचन सुन रहे थे लोग
दास टोला में कई स्थानों पर मां मनसा पूजा के अवसर पर अलग-अलग कार्यक्रम चल रहा है। इन्हीं में से एक पक्ष प्रवचन का आयोजन करवा रखा था। प्रवचन सुनने वालों की भीड़ सड़क तक पहुंच गई थी। साथ ही कार्यक्रम का स्टेज भी काफी बड़ा था। जिस कारण रास्ते का आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया था। इसी बीच एक पक्ष डीजे के साथ मनसा पूजा मूर्ति विसर्जन के लिए निकला।
रास्ता अवरुद्ध देखकर विसर्जन करने वाले पक्ष ने भीड़ को हटाने की मांग की। इस पर आपत्ति जताते हुए दूसरे पक्ष ने भी विरोध किया। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच देखते ही देखते मारपीट व पथराव शुरू हो गया।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें