पुरोहित के चार अन्य परिजन भी संक्रमित मिले, 35 रिश्तेदारों समेत 74 ग्रामीणों का लिया स्वाब
तोपचांची की ढ़ांगी पंचायत के लेवाटांड़ में रहने वाले पुरोहित के चार अन्य परिजन भी रविवार को कोरोना संक्रमित मिले। पुरोहित का बेटा पूर्व में कोविड संक्रमित पाया गया था। मौत के बाद 55 साल के पुरोहित भी पॉजिटिव पाए गए थे। उनकी अंत्येष्टि में परिजन व गांववाले समेत आसपास के इलाकों के कई लोग शामिल हुए थे।
अब पुरोहित की पॉजिटिव रिपोर्ट पर गांव समेत आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। आज मेडिकल टीम भी गांव पहुंची। 35 परिजन समेत अंत्येष्टि में शामिल 74 लोगों का स्वाब लिया गया। सभी को होम क्वारेंटाइन किया गया।
पूरे गांव को सील कर दिया गया है। लेवाटांड़ के पुरोहित देवघर से एक अनुष्ठान करके लौटे थे। तब से तबीयत खराब थी। 19 जुलाई को सदर अस्पताल में बेटे के साथ कोरोना जांच कराई थी। 21 जुलाई को अचानक पुरोहित की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। उन्हें उसी दिन पीएमसीएच लाया गया। वहां कुछ लक्षण दिखने पर फिर से सैंपल लेकर उन्हें आईसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। 22 जुलाई को उनकी मृत्यु हो गई। ट्रू-नेट की जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई तो शव परिजनों को सौंप दिया गया था। अंतिम संस्कार के बाद 23 जुलाई की रात पुरोहित और उनके बेटे की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें